टी20 में अमेलिया कर का धमाका, तोड़ा रोहित शर्मा रिकॉर्ड, साउथ अफ्रीका को हराया

Updated at : 25 Mar 2026 1:35 PM (IST)
विज्ञापन
Amelia Kerr Century

अमेलिया कर, Pic- Social Media/X

Amelia Kerr Century: न्यूजीलैंड की अमेलिया कर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 55 गेंदों में 105 रन की ऐतिहासिक पारी खेली. उनके अकेले के रन विपक्षी टीम के कुल 102 रनों से ज्यादा रहे. अमेलिया ने लगातार 11 बार 30 से ज्यादा रन बनाकर रोहित शर्मा और मोहम्मद रिजवान का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है.

विज्ञापन

Amelia Kerr Century: न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेटर अमेलिया कर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में एक नया इतिहास रच दिया है. क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर बुधवार को खेलते हुए उन्होंने महज 55 गेंदों में 105 रनों की तूफानी पारी खेली. इस शानदार शतक के दम पर न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका को 92 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया. इसके साथ ही कीवी टीम ने पांच मैचों की सीरीज पर 4-1 से अपना कब्जा जमा लिया. खास बात यह रही कि अमेलिया कर के अकेले के रन पूरी साउथ अफ्रीका टीम के कुल स्कोर से भी ज्यादा रहे.

अमेलिया कर से हार गई साउथ अफ्रीका की टीम

इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 194 रन बनाए थे. टीम का पहला विकेट जल्दी गिरने के बाद तीसरे नंबर पर आई अमेलिया ने 19 चौके और 1 छक्के की मदद से 105 रन बनाए. जब साउथ अफ्रीका की टीम बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरी, तो उनकी पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 102 रन ही बना सकी. इसका मतलब यह हुआ कि पूरी विपक्षी टीम मिलकर भी अमेलिया कर के 105 रनों के स्कोर से 3 रन पीछे रह गई.

रोहित को पीछे छोड़ बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

अमेलिया कर अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार 11 पारियों में 30 या उससे अधिक रन बनाने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गई हैं. यह रिकॉर्ड महिला और पुरुष दोनों क्रिकेट में सबसे ज्यादा है. उन्होंने श्रीलंका की चमारी अटापट्टू का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने लगातार 9 बार ऐसा किया था. अगर पुरुष क्रिकेट की बात करें, तो यह रिकॉर्ड भारत के रोहित शर्मा और पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान के नाम 7-7 बार है. कर अब इन सभी दिग्गजों से काफी आगे निकल गई हैं.

न्यूजीलैंड के लिए टी20 में जड़ा सबसे तेज शतक

अपनी इस ऐतिहासिक पारी में अमेलिया कर ने अपना शतक मात्र 52 गेंदों में पूरा कर लिया था. यह न्यूजीलैंड महिला टीम के इतिहास में टी20 फॉर्मेट का सबसे तेज शतक है. वह अंतरराष्ट्रीय टी20 में दो शतक लगाने वाली न्यूजीलैंड की पहली महिला बल्लेबाज भी बन गई हैं. इससे पहले सूजी बेट्स और सोफी डिवाइन के नाम एक-एक शतक था. यह किसी भी कीवी महिला कप्तान का टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर भी है.

सीरीज में किया ऑलराउंड प्रदर्शन

साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस पूरी टी20 सीरीज में अमेलिया कर का जलवा देखने को मिला. उन्होंने पांच मैचों की सीरीज में 78, 32, 30, 31 और 105 रनों की बेहतरीन पारियां खेली. बल्ले से 276 रन बनाने के साथ-साथ उन्होंने गेंदबाजी में भी अपनी प्रतिभा दिखाई और कुल 5 विकेट झटके. इस शानदार ऑलराउंड खेल के कारण उन्हें पांचवें मैच का ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और सीरीज की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया.

25 साल की उम्र में शानदार क्रिकेट करियर

अमेलिया कर की उम्र अभी केवल 25 साल है, लेकिन उनके आंकड़े किसी दिग्गज खिलाड़ी जैसे हैं. उन्होंने अब तक 96 टी20 मैचों में 1912 रन बनाए हैं और 104 विकेट लिए हैं. वह महिला टी20 में सबसे तेजी से 1000 रन और 100 विकेट पूरे करने वाली खिलाड़ी हैं. वहीं, 87 वनडे मैचों में उनके नाम 2444 रन और 122 विकेट दर्ज हैं. वनडे क्रिकेट में उनके नाम 232 रनों की एक नाबाद दोहरा शतक वाली पारी का रिकॉर्ड भी मौजूद है.

ये  भी पढ़ें- 

IPL 2026: बेन डकेट ने DC को दिया धोखा! क्या BCCI के नए नियम से लगेगा बैन?

घर की याद नहीं आई तुझे जस्सी, बुमराह पर पत्नी संजना का तंज

फिर एक खिलाड़ी ने PSL को छोड़ पकड़ा IPL का हाथ, CSK में ली इस गेंदबाज की जगह

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola