फिर एक खिलाड़ी ने PSL को छोड़ पकड़ा IPL का हाथ, CSK में ली इस गेंदबाज की जगह

स्पेंसर जॉनसन, Pic- Social Media/X
Spencer Johnson in IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के तेज गेंदबाज नाथन एलिस हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण आईपीएल 2026 से पूरी तरह बाहर हो गए हैं. उनकी जगह टीम मैनेजमेंट ने 1.5 करोड़ रुपये की बेस प्राइस में ऑस्ट्रेलिया के ही स्पेंसर जॉनसन को शामिल किया है. इससे चेन्नई की गेंदबाजी मजबूत हुई है.
Highlights
Spencer Johnson in IPL 2026: आईपीएल 2026 का आगाज होने से पहले ही चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को एक बड़ा झटका लगा है. टीम के तेज गेंदबाज नाथन एलिस चोट के कारण इस पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. उनकी कमी पूरी करने के लिए टीम मैनेजमेंट ने ऑस्ट्रेलिया के ही बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन को अपने साथ जोड़ा है. यह सीधा और बड़ा बदलाव चेन्नई की गेंदबाजी को ध्यान में रखकर किया गया है.
स्पेंसर जॉनसन की 1.5 करोड़ में एंट्री
चेन्नई सुपर किंग्स ने स्पेंसर जॉनसन को उनकी 1.5 करोड़ रुपये की बेस प्राइस पर साइन किया है. जॉनसन हाल ही में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का हिस्सा थे, लेकिन कुछ निजी कारणों के चलते उन्होंने वहां से अपना नाम वापस ले लिया था. अब वह पूरी तरह से फिट होकर आईपीएल में वापसी के लिए तैयार हैं. 30 साल के इस खिलाड़ी के लिए पिछला कुछ समय काफी चुनौती भरा रहा है. पीठ की चोट की वजह से उन्हें बिग बैश लीग और टी20 वर्ल्ड कप 2026 जैसे बड़े टूर्नामेंट से बाहर बैठना पड़ा था.
नाथन एलिस का बाहर होना बड़ा नुकसान
चेन्नई की टीम ने मेगा नीलामी से पहले नाथन एलिस पर भरोसा जताते हुए उन्हें 2 करोड़ रुपये में रिटेन किया था. कप्तान ऋतुराज गायकवाड और मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग की योजना थी कि एलिस डेथ ओवर्स में अपनी सटीक यॉर्कर से विरोधी बल्लेबाजों पर दबाव बनाएंगे. लेकिन 11 मार्च को एक डोमेस्टिक वनडे कप फाइनल खेलते समय उनकी पुरानी हैमस्ट्रिंग की चोट फिर से उभर आई. इस वजह से वह टूर्नामेंट से पूरी तरह बाहर हो गए हैं. एलिस पिछले साल भी सीएसके के लिए केवल एक ही मैच खेल सके थे.
जॉनसन का पुराना IPL रिकॉर्ड
स्पेंसर जॉनसन के पास आईपीएल में खेलने का अच्छा अनुभव है. वह इससे पहले गुजरात टाइटन्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल चुके हैं. साल 2024 में गुजरात की टीम ने उन पर बड़ा दांव लगाते हुए उन्हें 10 करोड़ रुपये की भारी भरकम कीमत पर खरीदा था. इसके बाद 2025 के सीजन में वह कोलकाता की टीम का हिस्सा बने थे. अब 2026 के आईपीएल में वह चेन्नई के लिए खेलते हुए नजर आ सकते हैं.
अब कैसा है CSK का पेस अटैक
स्पेंसर के आने से चेन्नई का तेज गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत हो गया है. विदेशी विकल्पों की बात करें तो टीम के पास अब मैट हेनरी, जेमी ओवरटन, जैक फाल्क्स और स्पेंसर जॉनसन मौजूद हैं. वहीं भारतीय तेज गेंदबाजी विभाग में खलील अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह और मुकेश चौधरी जैसे शानदार गेंदबाज अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे. इसके अलावा टीम के पास ऑलराउंडर के रूप में शिवम दुबे और अमन खान मौजूद हैं. ये दोनों भी जरूरत के समय मध्यम गति से गेंदबाजी करके टीम का साथ दे सकते हैं.
ये भी पढ़ें-
शेन वॉर्न का मास्टर स्ट्रोक, परिवार को मिलेंगे 460 करोड़, जानें RR के बिकने पर ऐसा क्यों होगा?
कभी नहीं खेला एक भी IPL मैच, अब सबसे महंगी टीम के मालिक बने आर्यमन बिडला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




