IND vs ENG: दूसरे दिन टीम इंडिया ने गंवाए 7 विकेट, पहली पारी में 200 रन बनाने में छूटे पसीने

India vs England
IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे चौथे टेस्ट की पहली पारी में भारत ने 219 रन पर अपने सात विकेट गंवा दिए. वहीं, इंग्लैंड ने पहली पारी में 353 रन बनाए.
IND vs ENG: रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेले जा रहे भारत और इंग्लैंड के बीच चौथे टेस्ट मुकाबले में शनिवार को दूसरे दिन भारतीय बल्लेबाजों का बेहद खराब प्रदर्शन रहा. यशस्वी जायसवाल को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज बेहतर खेल नहीं दिखा पाया. पहली पारी में इंग्लैंड के 353 रन के जवाब में भारत को 200 के आंकड़े तक पहुंचने में काफी पसीना बहाना पड़ा. इतना ही नहीं 200 से पहले ही भारत के सात शीर्ष क्रम के बल्लेबाज पवेलियन लौट गए. भारत ने 200 का आंकड़ा 62वें ओवर में पार किया, जब टॉम हर्टले की गेंद पर कुलदीप यादव ने चौका लगाया. भारत ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 7 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए. ध्रुव जुरेल 30 रन और कुलदीप यादव 17 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं. भारत अब भी इंग्लैंड की पहली पारी के स्कोर से 134 रन पीछे है.
IND vs ENG: रोहित शर्मा के रूप में लगा पहला झटका
कप्तान रोहित शर्मा के रूप में भारत को पारी के तीसरे ही ओवर में पहला झटका लगा. रोहित दो रन के निजी स्कोर पर जेम्स एंडरसन की गेंद पर विकेटकीपर को कैच थमा बैठे. उस समय टीम का स्कोर महज 4 रन था. एक छोर से यशस्वी जायसवाल जमे रहे. इस युवा सलामी बल्लेबाज ने मौके देखकर बाउंड्री निकाले. उनका काफी देर तक साथ शुभमन गिल ने दिया. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी हुई.
IND vs ENG: शुभमन गिल एक बार फिर हुए फेल
गिल और जायसवाल की जोड़ी उस समय टूटी जब, शोएब बसीर ने गिल को पगबाधा आउट कर दिया. गिल ने हालांकि रिव्यू का उपयोग किया लेकिन वह आउट करार दिए गए. इसके बाद कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं पाया. रजत पाटीदार एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए वह 17 रन बनाकर शोएब बसीर की गेंद पर पगबाधा आउट हुए. उसके बाद रवींद्र जडेजा को बल्लेबाजी करने के लिए भेजा गया. जडेजा ने आते ही दो छक्के लगाए, लेकिन उन्हें टॉम हर्टले ने जो रूट के हाथों कैच करा दिया.
IND vs ENG: यशस्वी जायसवाल ने बनाए 73 रन
रवींद्र जडेजा के बाद क्रीज पर बल्लेबाजी करने सरफराज खान आए. उनके और जायसवाल के बीच एक साझेदारी पनपने लगी. लेकिन शोएब बसीर की एक शानदार गेंद पर जायसवाल बोल्ड हो गए. उस समय वह 73 रन बनाकर खेल रहे थे. अब पूरा दारोमदार सरफराज के कंधों पर था. लेकिन आज सरफराज भी कोई कमाल नहीं दिखा पाए और टॉम हर्टले की गेंद पर रूट को एक आसान कैच थमा दिया. भारत ने चाय के बाद तक सात विकेट गंवा दिए.
IND vs ENG: शोएब बसीर ने चटकाए 4 विकेट
इंग्लैंड की ओर से युवा शोएब बसीर ने शानदार गेंदबाजी की और चार विकेट चटकाए. उन्होंने काफी किफायती गेंदबाजी भी की. पिच से स्पिनरों को काफी मदद मिल रही थी. इसका फायदा इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने उठाया और अपने स्पिनरों को ज्यादा समय तक हमले पर रखा. टॉम हर्टले को भी दो सफलता मिली.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




