स्टोक्स विवाद पर बोले नासिर हुसैन: 'गलती हुई है लेकिन बेन स्टोक्स इस तरह विदाई के हकदार नहीं'
Published by : Swayam Rishi Updated At : 11 Jun 2026 12:47 PM
बेन स्टोक्स
Ben Stokes Controversy: बेन स्टोक्स पर चल रहे विवाद पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और कमेंटेटर नासिर हुसैन ने स्टोक्स का बचाव करते हुए बड़ा बयान दिया है.
Ben Stokes Controversy: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स इस समय एक बड़े विवाद के घेरे में है. लॉर्ड्स टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली जीत के बाद टीम का नाइट क्लब कर्फ्यू तोड़ने के आरोप में स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन के खिलाफ ईसीबी जांच कर रहा है. इस मामले के बाद स्टोक्स को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की टीम से भी बाहर कर दिया गया है. इस पूरे विवाद के बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन खुलकर बेन स्टोक्स के समर्थन में आ गए हैं.
“स्टोक्स से गलती हुई, लेकिन यह संन्यास का कारण नहीं होना चाहिए”
नासिर हुसैन ने स्काई स्पोर्ट्स क्रिकेट पॉडकास्ट पर बात करते हुए बेन स्टोक्स का मजबूती से बचाव किया. हुसैन ने माना कि स्टोक्स से एक बड़ी गलती हुई है, लेकिन उन्होंने आलोचकों को याद दिलाया कि स्टोक्स ने इंग्लैंड क्रिकेट के लिए क्या कुछ किया है.
हुसैन ने कहा,”बेन स्टोक्स ने कई मौकों पर इंग्लैंड को मुश्किल परिस्थितियों से निकाला है. चाहे वह 50-ओवर का विश्व कप हो या टी20 विश्व कप, वह हमेशा एक योद्धा की तरह खड़े रहे हैं. इस बार उनसे बहुत बड़ी गलती हुई है, लेकिन यह ऐसी गलती नहीं है जिसके लिए उन्हें कप्तानी या टीम से हमेशा के लिए बर्खास्त कर दिया जाए”. हुसैन ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस समय स्टोक्स काफी मानसिक दबाव में होंगे. उन्होंने कहा, “मुझे डर है कि कहीं स्टोक्स भावुक होकर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का फैसला न ले लें। इंग्लैंड के इतने महान खिलाड़ी का अंत इस तरह विवादों के साथ होना बेहद दुखद होगा. वह इससे बेहतर विदाई के हकदार हैं.”
उप-कप्तान जो रूट संभालेंगे कमान
इस विवाद के कारण बैन स्टोक्स की अनुपस्थिति में दिग्गज बल्लेबाज जो रूट को दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड का कार्यवाहक कप्तान बनाया गया है. जहां एक तरफ क्रिकेट जगत में स्टोक्स पर कड़े प्रतिबंध लगने की खबरें आ रही है, वहीं नासिर हुसैन का यह बयान स्टोक्स के मनोबल को बढ़ाने वाला साबित हो सकता है.
क्रिकेट पंडितों का मानना है कि ईसीबी की जांच पूरी होने के बाद ही स्टोक्स के भविष्य पर अंतिम फैसला होगा, लेकिन नासिर हुसैन जैसे पूर्व कप्तान के समर्थन से यह साफ है कि इंग्लैंड क्रिकेट जगत अभी भी स्टोक्स को खोने के पक्ष में नहीं है.
ये भी पढ़े: आईसीसी ने किया ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ के नॉमिनीज का एलान, इन खिलाड़ियों के बीच होगी टक्कर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










