कौन हैं शुभदीप घोष? टी दिलीप की जगह बन सकते हैं टीम इंडिया के नए फील्डिंग कोच
शुभदीप घोष (फोटो- सोशल मीडिया)
भारतीय क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप का कार्यकाल समाप्त होने के बाद बीसीसीआई नए कोच की तलाश कर रहा है. असम के पूर्व क्रिकेटर शुभदीप घोष इस पद के प्रमुख दावेदार हैं, जो श्रीलंका दौरे से पहले चुने जा सकते हैं.
भारतीय क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप का कार्यकाल खत्म होने के बाद बीसीसीआई नए फील्डिंग कोच की तलाश में जुटा है. समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, असम के पूर्व क्रिकेटर शुभदीप घोष इस पद के प्रमुख दावेदार हैं. उम्मीद है कि श्रीलंका दौरे से पहले बीसीसीआई नए फील्डिंग कोच के नाम का ऐलान कर देगा.
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि बोर्ड दो से तीन नामों पर चर्चा कर रहा है और अगले एक-दो दिनों में फैसला ले लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम के साथ नया फील्डिंग कोच जाएगा.
कौन हैं शुभदीप घोष?
शुभदीप घोष असम के डिगबोई के रहने वाले हैं. उन्होंने 1994-95 सीजन में असम के लिए प्रथम श्रेणी (फर्स्ट क्लास) और लिस्ट-ए क्रिकेट में पदार्पण किया था. इसके बाद उन्होंने रेलवे की ओर से भी घरेलू क्रिकेट खेला. उनका आखिरी घरेलू मुकाबला 2004-05 सीजन में था.
राहुल द्रविड़ के समय से BCCI से जुड़े
शुभदीप घोष पिछले छह-सात वर्षों से बीसीसीआई के साथ जुड़े हुए हैं. उनकी शुरुआत राहुल द्रविड़ के नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) प्रमुख रहने के दौरान हुई थी. इसके बाद उन्होंने भारतीय क्रिकेट के विभिन्न आयु वर्ग और सीनियर टीमों के साथ काम किया.
इन टीमों के साथ निभा चुके हैं अहम भूमिका
2020 में उन्हें भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सपोर्ट स्टाफ में शामिल किया गया. इसके अलावा वह भारत अंडर-19 टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका में खेले गए विश्व कप अभियान का हिस्सा रहे. 2023 एशियाई खेलों में भारत की पुरुष क्रिकेट टीम के फील्डिंग कोच रहे, जहां टीम ने स्वर्ण पदक जीता. हाल ही में जिम्बाब्वे दौरे पर भी वह भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा थे.
कोचिंग का लंबा अनुभव
पूर्व फर्स्ट क्लास क्रिकेटर शुभदीप घोष ने खिलाड़ी के बाद कोचिंग में भी लंबा अनुभव हासिल किया है. भारतीय महिला टीम, इंडिया ए, अंडर-19 और सीनियर टीम के साथ काम करने की वजह से उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की जरूरतों और दबाव का अच्छा अनुभव है. यही वजह है कि उन्हें टीम इंडिया के नए फील्डिंग कोच की रेस में सबसे आगे माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें: टीम इंडिया में एक और बदलाव, रयान टेन डोशेट के बाद फील्डिंग कोच टी दिलीप की भी छुट्टी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए