आईसीसी ने किया 'प्लेयर ऑफ द मंथ' के नॉमिनीज का एलान, इन खिलाड़ियों के बीच होगी टक्कर

Published by : Swayam Rishi Updated At : 11 Jun 2026 10:10 AM

विज्ञापन

आईसीसी

ICC Player of the Month: हर महीने की तरह आईसीसी ने मई 2026 के लिए भी 'प्लेयर ऑफ द मंथ' के नॉमिनेशंस की घोषणा कर दी है . इसमें मुशफिकुर रहीम,तैजुल इस्लाम और दीपेंद्र सिंह ऐरी का नाम शामिल है.

विज्ञापन

ICC Player of the Month: आईसीसी ने मई 2026 महीने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मंथ’ के नॉमिनेशंस की घोषणा कर दी है. इस बार मेंस कैटेगरी में बांग्लादेश के दो स्टार खिलाड़ियों और नेपाल के एक शानदार ऑलराउंडर को शॉर्टलिस्ट किया गया है. इन खिलाड़ियों ने मई के महीने में अपने शानदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी टीमों को ऐतिहासिक जीत दिलाई है.

मुशफिकुर रहीम (बांग्लादेश): अनुभव और क्लास का शानदार प्रदर्शन

बांग्लादेश के अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम इस रेस में सबसे आगे नजर आ रहे हैं. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश की 2-0 से ऐतिहासिक जीत में मुख्य भूमिका निभाई. मुशफिकुर ने 2 टेस्ट मैचों में 63.25 की बेहतरीन औसत से 253 रन बनाए. सिल्हाट में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में उनकी 137 रनों की शानदार शतकीय पारी ने मैच का पासा पलट दिया, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ भी चुना गया.

तैजुल इस्लाम (बांग्लादेश): फिरकी का जादुई स्पेल

इस लिस्ट में दूसरा नाम बांग्लादेश के ही बाएं हाथ के स्पिनर तैजुल इस्लाम का है. पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में तैजुल बांग्लादेश के सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने पूरी सीरीज में घातक गेंदबाजी करते हुए 19.61 की औसत से कुल 13 विकेट चटकाए. दूसरे टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने 120 रन देकर 6 विकेट झटके. इसके अलावा उन्होंने निचले क्रम में महत्वपूर्ण 58 रन भी बनाए.

दीपेंद्र सिंह ऐरी (नेपाल): नेपाल का चमकता सितारा

नेपाल के स्टार ऑलराउंडर दीपेंद्र सिंह ऐरी ने आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया है. उन्होंने मई महीने में खेले गए 6 वनडे मैचों में 49.80 की औसत और 110.66 के स्ट्राइक रेट से 249 रन बनाए, जिसमें यूएई के खिलाफ एक शानदार शतक भी शामिल है. इसके साथ ही उन्होंने अपनी कसी हुई गेंदबाजी से 8 विकेट भी चटकाए, जिसमें यूएसए के खिलाफ 24 रन देकर 4 विकेट का मैच जिताऊ स्पेल भी शामिल है.

वीमेंस कैटेगरी में भी कड़ा मुकाबला

मेंस के साथ-साथ आईसीसी ने वीमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ के लिए भी नॉमिनेशंस जारी किए हैं. इसमें इंग्लैंड की तेज गेंदबाज लॉरेन बेल, पाकिस्तान की सलामी बल्लेबाज गुल फिरोजा और न्यूजीलैंड की मैडी ग्रीन को शॉर्टलिस्ट किया गया है. इन तीनों ही महिला खिलाड़ियों ने लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में दमदार खेल दिखाया है.

विजेता का फैसला फैंस के वोटों और आईसीसी वोटिंग एकेडमी के पैनल के आधार पर किया जाएगा, जिसकी घोषणा जून के दूसरे हफ्ते के अंत तक की जाएगी.

ये भी पढ़े : टूर्नामेंट इतिहास के 10 सबसे सफल गेंदबाज, लिस्ट में इन भारतीय खिलाड़ियों का जलवा

विज्ञापन
Swayam Rishi

लेखक के बारे में

By Swayam Rishi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola