रिटायरमेंट से U टर्न, वेस्टइंडीज के इस खिलाड़ी ने 2 महीने में वापस लिया संन्यास

एविन लुईस, Pic- Social Media/X
Evin Lewis Retirement U Turn: वेस्टइंडीज के बल्लेबाज एविन लुईस ने रिटायरमेंट लेने के महज दो महीने बाद ही अपना फैसला वापस ले लिया है. टी20 वर्ल्ड कप टीम से बाहर होने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया था. अब लुईस 9 साल बाद घरेलू फर्स्ट क्लास टूर्नामेंट में त्रिनिदाद के लिए वापसी करेंगे.
Highlights
Evin Lewis Retirement U Turn: एविन लुईस ने 27 जनवरी को इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. टी20 वर्ल्ड कप टीम में नहीं चुने जाने के बाद लुईस ने यह कदम उठाया था. लेकिन अब सिर्फ दो महीने बाद ही उन्होंने वापसी का ऐलान कर दिया है. लुईस अब वेस्टइंडीज के घरेलू फर्स्ट क्लास टूर्नामेंट ‘रीजनल फोर डे कॉम्पिटिशन’ में त्रिनिदाद की टीम से खेलते हुए नजर आएंगे. उन्होंने इसके लिए खुद को उपलब्ध बताया है.
लुईस की 9 साल बाद रेड बॉल क्रिकेट में वापसी
अगर लुईस इस घरेलू टूर्नामेंट में खेलते हैं, तो यह 9 साल बाद उनकी रेड बॉल क्रिकेट में वापसी होगी. उन्होंने इस फॉर्मेट में अपना आखिरी मैच साल 2016-17 के सीजन में खेला था. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लुईस ने अपने करियर में अब तक 22 मैच खेले हैं. इन मैचों में उन्होंने 30.72 की औसत से कुल 1229 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से सिर्फ एक शतक निकला है, जो उन्होंने साल 2015-16 में जमैका के खिलाफ बनाया था. हैरानी की बात यह है कि वाइट बॉल में इतने अनुभवी होने के बावजूद लुईस ने वेस्टइंडीज के लिए आज तक एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला है.
एविन लुईस का घरेलू क्रिकेट में दिखा शानदार फॉर्म
लुईस इन दिनों गजब की फॉर्म में चल रहे हैं. वह इस सीजन की TTCB प्रीमियरशिप डिवीजन में बेस मोटर्स मार्चिन पैट्रियट्स टीम के लिए खेल रहे हैं. स्थानीय दो दिन के टूर्नामेंट सीजन में उनका बल्लेबाजी औसत 94 का रहा है, जो उनकी शानदार लय को साबित करता है. लुईस ने क्वींस पार्क क्रिकेट क्लब के खिलाफ 119 रन, मैरीबॉयज के खिलाफ नाबाद 232 रन और पावरजेन पेनल क्रिकेट क्लब के खिलाफ 113 रन की बेहतरीन पारियां खेली हैं.
त्रिनिदाद के कोच ने क्या कहा?
त्रिनिदाद टीम के कोच रायद एमरिट ने लुईस की वापसी पर खुशी जताई है. उन्होंने कहा कि एविन लुईस ने खुद को नेशनल टीम के लिए उपलब्ध बताया है. वह लगातार रन बना रहे हैं जो टीम के लिए एक बहुत अच्छा संकेत है. पिछले साल सेफास कूपर भी टीम के मुख्य बल्लेबाजों में से एक थे. टीम में जेरेमी सोलोजानो, जेड गूली, आमिर जंगू, जेसन मोहम्मद और नवीन बिदाईसी जैसे कई बेहतरीन खिलाड़ी पहले से मौजूद हैं. ऐसे में कप्तान जोशुआ दा सिल्वा और सेलेक्टर्स के लिए यह एक मुश्किल फैसला होने वाला है. किसी न किसी खिलाड़ी को बाहर बैठना ही पड़ेगा.
इंटरनेशनल क्रिकेट में लुईस का रिकॉर्ड
एविन लुईस को लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट का बहुत बड़ा खिलाड़ी माना जाता है. उन्होंने अपने देश के लिए 70 वनडे और 67 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. वनडे मैचों में उन्होंने 36.75 की औसत से 2279 रन बनाए हैं. वहीं टी20 इंटरनेशनल में उनका रिकॉर्ड और भी प्रभावशाली है. इस छोटे फॉर्मेट में उन्होंने 152.07 के शानदार स्ट्राइक रेट से 1799 रन ठोके हैं. इसके अलावा उन्होंने 114 लिस्ट ए मैच भी खेले हैं. अब सभी की नजरें उनके रेड बॉल क्रिकेट के प्रदर्शन पर टिकी हैं.
ये भी पढ़ें-
कोहली से लेकर भुवनेश्वर तक, IPL में इन खिलाड़ियों ने जीती ऑरेंज-पर्पल कैप, देखें पूरी लिस्ट
PSL 2026: पाकिस्तान की फजीहत, लाइव मैच में गेंद ने बदला रंग, वजह जान चौंक जाएंगे आप
IPL 2026: RCB को चैंपियन बनाने वाला गेंदबाज भारत पहुंचा, शुरुआती मैचों में खेलने पर सस्पेंस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




