चंदीला, हिकेन शाह पर बीसीसीआई का फैसला कल
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :04 Jan 2016 3:52 PM (IST)
विज्ञापन

मुंबई : बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर की अगुवाई वाली बोर्ड की तीन सदस्यीय अनुशासन समिति दागी क्रिकेटरों अजित चंदीला और हिकेन शाह के भाग्य का कल फैसला करेगी. इन दोनों खिलाडियों ने 24 दिसंबर को यहां समिति के सदस्यों के सामने उपस्थित होकर सवालों के जवाब दिये. इसके बाद तीन सदस्यीय पैनल ने इन्हें उनके […]
विज्ञापन
मुंबई : बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर की अगुवाई वाली बोर्ड की तीन सदस्यीय अनुशासन समिति दागी क्रिकेटरों अजित चंदीला और हिकेन शाह के भाग्य का कल फैसला करेगी. इन दोनों खिलाडियों ने 24 दिसंबर को यहां समिति के सदस्यों के सामने उपस्थित होकर सवालों के जवाब दिये. इसके बाद तीन सदस्यीय पैनल ने इन्हें उनके खिलाफ लगाये गये स्पाट फिक्सिंग के आरोपों का आज तक लिखित जवाब देने के कारण फैसला टाल दिया था.
तीन सदस्यीय अनुशासन समिति में मनोहर, ज्योतिरादित्य सिंधिया और निरंजन शाह शामिल हैं. चंदीला को 2013 में आईपीएल मैचों को स्पाट फिक्स करने की कोशिश में राजस्थान रायल्स के अपने साथियों श्रीसंत और अंकित चव्हाण के साथ गिरफ्तार किया गया था.
श्रीसंत और चव्हाण पर बीसीसीआई ने आजीवन प्रतिबंध लगा रखा है. शाह ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट के अपने साथी जो आईपीएल टीम का भी सदस्य था, के सामने अनुचित पेशकश की थी. जिस खिलाड़ी से यह अनुचित पेशकश की गयी थी उसने अपनी फ्रेंचाइजी टीम को इसकी जानकारी दी जिसने बीसीसीआई की भ्रष्टाचार निरोधक इकाई (एसीयू) को इसकी सूचना दी. एसीयू प्रमुख रवि सावनी भी 24 दिसंबर की बैठक में उपस्थित थे.
बैठक के बाद चंदीला ने कहा था, ‘‘नयी अनुशासन समिति के सदस्यों ने भी मुझसे वही सवाल किये जो दिल्ली पुलिस ने किये थे. मैंने जो दिल्ली पुलिस को बताया था उसे बता दिया. सभी जानते हैं कि अदालत ने क्या कहा था. मुझे इस नयी समिति से न्याय की उम्मीद है. मैं नहीं जानता कि फैसला कब दिया जाएगा.”
चंदीला ने कहा था, ‘‘शशांक जी, निरंजन जी और सिंधिया जी ने वीडियो कान्फ्रेंस के जरिये मुझसे सवाल किये। रवि सवानी भी वहां थे. मुझे पूछे गये सवालों की प्रतिलिपि भी मिली है और जवाब दे दिये हैं. ” समिति ने पूर्व पाकिस्तानी अंपायर असद रउफ को उनके खिलाफ लगाये गये आरोपों के संबंध में नोटिस जारी करने का भी फैसला किया था.
रउफ के खिलाफ स्पाट फिक्सिंग मामले में आरोप पत्र दायर है. उन्हें पाकिस्तान के 15 सट्टेबाजों के साथ ‘वांछित आरोपी’ घोषित किया गया था. रउफ ने हालांकि खुद को निर्दोष करार दिया और उसके बाद वह कभी भारत दौरे पर नहीं आये.
जी गंगाराजू की अगुवाई वाली बीसीसीआई की दौरा एवं कार्यक्रम निर्धारण समिति की भी कल बैठक होगी जिसमें फरवरी में श्रीलंका के खिलाफ होने वाले तीन मैचों की टी20 श्रृंखला की तिथियों और स्थलों का फैसला किया जाएगा. हाल में टेस्ट केंद्र का दर्जा हासिल करने वाले पुणे और विशाखापट्टनम मैचों की मेजबानी की दौड़ में सबसे आगे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




