NEET UG Re-Exam 2026: पटना के सभी कोचिंग संस्थान रहेंगे बंद, अभ्यर्थियों को मिलेगी मुफ्त बस यात्रा
Published by : Nikhil Anurag Updated At : 10 Jun 2026 9:41 PM
बैठक की अध्यक्षता करते जिलाधिकारी और एसएसपी
NEET EXAM: नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा 21 जून को पटना जिले के 95 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. परीक्षा में 46,029 अभ्यर्थी शामिल होंगे. कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे और सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी.
NEET EXAM: (अंबर की रिपोर्ट) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 पुनर्परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर बुधवार को पटना समाहरणालय में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने की.
95 केंद्रों पर परीक्षा, 46 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
जिलाधिकारी ने बताया कि पटना जिले में नीट यूजी 2026 पुनर्परीक्षा के लिए 95 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इन केंद्रों पर कुल 46,029 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. बैठक में डीएम ने स्पष्ट किया कि यह अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार का कदाचार या नियमों का उल्लंघन सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी.
परीक्षा के दिन बंद रहेंगे कोचिंग संस्थान
प्रशासन ने निर्णय लिया है कि परीक्षा के दिन पटना जिले के सभी कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे. साथ ही उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं. परीक्षा को लेकर किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलने से रोकने के लिए सोशल मीडिया पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अभ्यर्थियों को मिलेगी मुफ्त बस यात्रा सुविधा
राज्य सरकार के निर्देश पर नीट अभ्यर्थियों को बीएसआरटीसी की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. इसकी निगरानी जिला परिवहन पदाधिकारी करेंगे. सभी परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, मेडिकल सुविधा और वेटिंग एरिया की व्यवस्था की जाएगी. भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों से 100 मीटर की दूरी पर छायादार स्थल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अभिभावकों को परेशानी का सामना न करना पड़े.
अधिकारियों को दिए गए विशेष निर्देश
डीएम और एसएसपी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा के दिन लगातार क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया है. किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं.
एनटीए के दिशा-निर्देशों का होगा सख्ती से पालन
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई और अंतर विभागीय समन्वय के साथ उनका सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया. डीएम ने बताया कि परीक्षा की तैयारियों को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है और सभी व्यवस्थाओं पर विशेष नजर रखी जा रही है.
Also Read: पटना में सेटेलाइट टाउनशिप का विरोध: भूमि रजिस्ट्री शुरू करने और टाउनशिप योजना वापस लेने की मांग तेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Nikhil Anurag
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










