Mausam Ki Khabar: इन राज्यों में अगले 5 दिन होगी आफत की बारिश, IMD ने दी चेतावनी
Published by : ArbindKumar Mishra Updated At : 04 Aug 2024 7:02 AM
Weather
Mausam Ki Khabar: देश के कई हिस्सों में भारी से भी अधिक भारी बारिश हो रही है. जिससे तबाही की स्थिति बनी हुई है. केरल के वायनाड में भूस्खलन से कई लोगों की मौत हो चुकी है, तो महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड में तेज बारिश का दौर जारी है. तो आइये देशभर के मौसम का हाल जानें.
Mausam Ki Khabar: हिमाचल प्रदेश में पिछले चार दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य में 114 से अधिक सड़कों पर यातायात अवरुद्ध हो गया है. वर्षा के कारण राज्य के अधिकांश हिस्से प्रभावित हुए हैं. स्थानीय मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में सात अगस्त तक भारी बारिश का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है. राज्य में जिन 114 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध हुई है उनमें से 79 मार्ग मंडी में, 38 कुल्लू में, 35 चंबा में और 30 शिमला में हैं. कांगड़ा में पांच, किन्नौर तथा लाहौल और स्पीति जिलों में दो-दो सड़क मार्गों पर यातायात बाधित हो गया है.
अगले दो दिनों तक झारखंड के इन जिलों में होगी भारी बारिश
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार झारखंड के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. आईएमडी के अनुसार 4 अगस्त को झारखंड के गढ़वा, पलामू और चतरा में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई गई है. जबकि कहीं-कहीं पर गर्जन और वज्रपात की भी संभावना व्यक्त की गई है. 6 अगस्त को उत्तर पूर्वी और उत्तर पश्चिम भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश की सभावना है. 7 अगस्त को पश्चिम भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है.
पश्चिम बंगाल में तूफान आने की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी
कम दबाव क्षेत्र के सघन दबाव क्षेत्र में तब्दील होने के कारण पश्चिम बंगाल के कोलकाता और उसके पड़ोसी जिलों में शनिवार को लगातार बारिश से हवाई अड्डे सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया. झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र पर बना निम्न दबाव सघन ‘अवदाब’ में बदल गया है. यह धीरे-धीरे बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है. इसके साथ ही पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में सक्रिय मानसून के कारण बारिश हुई है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के हावड़ा, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, पूर्व बर्धमान, हुगली, नादिया तथा उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिलों में अगले 12 घंटों तक बारिश जारी रहेगी. मौसम विभाग ने बिजली गिरने के साथ-साथ तूफान आने की भी चेतावनी दी है. कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय जिलों में भारी बारिश का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है. राज्य के पुरुलिया, मुर्शिदाबाद, मालदा, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों में तेज बारिश का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है.
दिल्ली में आज हल्की बारिश की संभावना
दिल्ली के कुछ हिस्सों में शनिवार को बारिश हुई और शहर का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम में सामान्य है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है. इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान 35 और 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
आईएमडी ने पालघर, पुणे, सतारा के लिए रेड अलर्ट जारी किया, मुंबई, ठाणे, नासिक के लिए ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने महाराष्ट्र के पालघर, पुणे और सतारा जिलों के संबंध में चार अगस्त के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया. आईएमडी ने ठाणे, मुंबई, रायगढ़, सिंधुदुर्ग और नासिक के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया है. मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि पालघर में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है. इसमें कहा गया है कि पुणे और सतारा में तटीय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा तथा मैदानी क्षेत्रों में मध्यम वर्षा हो सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ArbindKumar Mishra
अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










