Kal ka Mausam : 5 जनवरी तक इन राज्यों में चलेगी शीतलहर, आया IMD का अलर्ट
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 03 Jan 2026 1:23 PM
IMD ने कई राज्यों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया (Photo: PTI)
Kal ka Mausam : मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों के दौरान उत्तर भारत में रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है. विभाग की ओर से कई राज्यों में शीतलहर चलने की संभावना व्यक्त की गई है.
Kal ka Mausam : मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 3 और 4 जनवरी को उत्तराखंड में, 3 जनवरी को उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और राजस्थान में जबकि 3 से 5 जनवरी के दौरान बिहार के कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति रहने की संभावना है.
आईएमडी के अनुसार, 3 जनवरी को मेघालय के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की संभावना है. वहीं 5 और 6 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में जबकि 6 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश या बर्फबारी होने के आसार हैं.
दिल्ली में शीतलहर चलने की संभावना
दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 1.2 डिग्री अधिक है. विभाग के अनुसार, तीन से छह जनवरी के बीच शहर में कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना है. न्यूनतम तापमान जब औसत तापमान से 4.5 डिग्री सेल्सियस से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक कम हो जाता है, तब IMD की ओर से शीतलहर की घोषणा की जाती है.
बिहार के लोगों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं
बिहार में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है. आने वाले समय में तापमान और गिर सकता है. मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 48 घंटों में पारा करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है. इसके चलते राज्य के लगभग सभी जिलों में अगले एक हफ्ते तक शीतलहर जैसी स्थिति बनी रहने की संभावना है.
झारखंड में चलेगी शीतलहर
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के असर से झारखंड में अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. कई इलाकों में 3 जनवरी से शीतलहर चलने की संभावना है. सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड से लोगों की परेशानी बढ़ सकती है.
यह भी पढ़ें : Weather Forecast: अगले 48 घंटे कोहरा और कड़ाके की ठंड, वीकेंड में मौसम का सितम, आईएमडी का अलर्ट जारी
राजस्थान के अनेक इलाके शीतलहर की चपेट में
राजस्थान के अनेक इलाकों में नए साल के पहले हफ्ते में जारी कड़ाके की ठंड के बीच बीते 24 घंटे में अनेक इलाकों में शीतलहर दर्ज की गई. शनिवार सुबह कई जगह घना कोहरा छाया रहा. मौसम केंद्र जयपुर ने बताया कि राज्य में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा बीकानेर, जयपुर एवं भरतपुर संभाग के कुछ भागों में कुछ दिन सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. साथ ही न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है.
पंजाब और हरियाणा में शीतलहर की स्थिति रहने की संभावना
पंजाब और हरियाणा में शनिवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा हालांकि दोनों राज्यों के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा. विभाग के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में 7 जनवरी तक कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति रहने की संभावना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










