NEET UG 2026 पेपर लीक मामला: CBI ने तेज की जांच, आरोपी धनंजय लोखंडे को 6 दिन की कस्टडी

पेपर लीक मामले में सीबीआई ने तेज की जांच, फोटो- पीटीआई
NEET UG 2026 Paper Leak Case: नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई की जांच लगातार तेज होती जा रही है. मामले में गिरफ्तार आरोपी धनंजय लोखंडे को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 6 दिन की CBI कस्टडी में भेज दिया है. एजेंसी अब पेपर लीक नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है.
NEET UG 2026 Paper Leak Case: NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट (Rouse Avenue Court) ने आरोपी धनंजय लोखंडे को 6 दिन की CBI हिरासत में भेज दिया है. धनंजय लोखंडे को पुलिस ने पुणे से गिरफ्तार किया गया था. मामले में पहले से गिरफ्तार पांच अन्य आरोपी पहले ही सात दिन की CBI हिरासत में हैं.
21 जून को होगी NEET UG की फिर से परीक्षा
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को घोषणा की कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (NEET UG) की परीक्षा 21 जून 2026 को फिर से आयोजित की जाएगी. उन्होंने कहा कि परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों के बाद सरकार ने यह बड़ा फैसला छात्रों के हित में लिया है. शिक्षा मंत्री ने बताया कि सुधारों के तहत अगले साल से मेडिकल प्रवेश परीक्षा कंप्यूटर आधारित (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी. उन्होंने कहा कि CBT प्रणाली OMR पद्धति की तुलना में अधिक सुरक्षित और पारदर्शी मानी जाती है. धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर है और परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
क्यों रद्द हुई थी परीक्षा?
तीन मई को आयोजित NEET UG परीक्षा को पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था. शिक्षा मंत्री के अनुसार 7 मई तक नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को कई शिकायतें मिली थीं, जिनमें कथित गेस पेपर के प्रश्न असली परीक्षा प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए. इसके बाद प्रारंभिक जांच शुरू की गई और बाद में मामला CBI को सौंप दिया गया.
छात्रों को फिर मिलेगा परीक्षा शहर चुनने का विकल्प
सरकार ने छात्रों को राहत देते हुए पुनः परीक्षा के लिए अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा शहर चुनने का विकल्प दिया है. इसके लिए छात्रों को एक सप्ताह का समय मिलेगा. नीट पुनः परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी होंगे. परीक्षा अवधि 15 मिनट बढ़ाई गई है. अब परीक्षा शाम 5:15 बजे तक चलेगी. केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकारों के साथ मिलकर छात्रों के लिए परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करेगी. उन्होंने कहा कि वह स्वयं मुख्यमंत्रियों से बातचीत करेंगे ताकि छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो.
शिक्षा माफियाओं पर होगी कड़ी कार्रवाई- प्रधान
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी साफ किया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह NTA के अंदर का हो या बाहर का.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










