राफेल पर मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान से भड़के संजय निरुपम, कह दी ये बात
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 09 Oct 2019 5:56 PM
नयी दिल्ली : फाइटर जेट राफेल की पहली खेप लेने फ्रांस पहुंचे राजनाथ सिंह पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी उनकी ही पार्टी के नेता संजय निरुपम को रास नहीं आयी. संजय निरुपम ने न केवल खड़गे के बयान की आलोचना की, बल्कि यहां तक कह दिया कि ऐसे लोग कांग्रेस को […]
नयी दिल्ली : फाइटर जेट राफेल की पहली खेप लेने फ्रांस पहुंचे राजनाथ सिंह पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी उनकी ही पार्टी के नेता संजय निरुपम को रास नहीं आयी. संजय निरुपम ने न केवल खड़गे के बयान की आलोचना की, बल्कि यहां तक कह दिया कि ऐसे लोग कांग्रेस को निबटा देंगे. संजय निरुपम ने कहा कि शस्त्र पूजा दिखावा या अंधविश्वास नहीं, हमारी परंपरा का प्रतीक है.
दरअसल, फ्रांस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राफेल विमान की शस्त्र पूजा की थी. लोकसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसे तमाशा करार दे दिया. खड़गे ने बुधवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने इतना दिखावा नहीं किया था, जब उस समय सरकार बोफोर्स गन जैसा हथियार लेकर आयी थी.
खड़गे की इसी बात से संजय निरुपम भड़क गये. उन्होंने कहा कि शस्त्र पूजा कोई अंधविश्वास नहीं है. यह हमारी परंपरा का प्रतीक रहा है. दिक्कत यह है कि खड़गे नास्तिक हैं, इसलिए उन्हें यह तमाशा लगता है. ऐसे लोग केवल एक फीसदी हैं. लेकिन एक फीसदी लोगों के विचार कांग्रेस के नहीं हो सकते. ज्ञात हो कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को करीब 30 मिनट तक राफेल में उड़ान भरने से पहले उसकी शस्त्र पूजा की थी. उन्होंने राफेल पर ‘ऊं’ लिखा और विमान पर रक्षा सूत्र भी बांधा था.
इससे पहले, संजय निरुपम ने सोमवार को भी मल्लिकार्जुन खड़गे को घेरा था. कहा था, ‘महान नेता खड़गे ने रविवार को चुनाव की रणनीति बनाने के लिए मीटिंग बुलायी, जो 15 मिनट में खत्म हो गयी. बैठक में किसी को बोलने नहीं दिया गया. मीटिंग में वह खुद बोले और मेरा मजाक उड़ाकर चले गये.’ बगावती तेवर अपना चुके निरुपम ने कहा कि दुर्भावना से ग्रस्त ऐसे महान रणनीतिकार कांग्रेस को बचायेंगे या निबटायेंगे?
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है. संजय निरुपम ने बगावती तेवर अख्तियर कर लिया है. कांग्रेस के कुछ और नेता इस बात से नाराज चल रहे हैं कि उनको पार्टी में तवज्जो नहीं दी जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










