झाझा नगर परिषद में बिना मतदान तय हुए तीन चेहरे, सशक्त स्थाई समिति के चुनाव में बनी सर्वसम्मति

Updated:
विज्ञापन

झाझा नगर परिषद में बिना मतदान तय हुए तीन चेहरे

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Jhajha News: झाझा नगर परिषद में बड़ा फैसला, तीनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित, समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत

विज्ञापन

झाझा, जमुई से ऋताम्बर सिंह की रिपोर्ट.

विज्ञापन

Jhajha News: झाझा नगर परिषद की राजनीति में शनिवार को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखने को मिला, जब सशक्त स्थाई समिति सदस्य पद के लिए मैदान में उतरे तीनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए. चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही यह स्पष्ट हो गया था कि तीन पदों के लिए केवल तीन नामांकन दाखिल हुए हैं. ऐसे में मतदान की नौबत नहीं आई और सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया.

प्रखंड कार्यालय सभागार में पूरी हुई चुनावी प्रक्रिया

प्रखंड कार्यालय सभागार में चुनाव पदाधिकारी सुजीत कुमार और प्रेक्षक बालमुकुंद प्रसाद की निगरानी में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई. कुल 25 वार्ड पार्षदों में से 23 पार्षदों ने चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया. प्रशासन की ओर से सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे.

चुनाव पदाधिकारी ने बताया कि विपुल कुमार झा उर्फ इतु झा, विजय कुमार उर्फ विजय राम और नाजिया मोहतशीन खान ने नामांकन दाखिल किया था. नामांकन पत्रों की जांच के दौरान सभी दस्तावेज सही पाए गए. चूंकि तीन पदों के लिए केवल तीन ही उम्मीदवार थे, इसलिए सभी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया.

प्रमाण पत्र मिलते ही गूंजे जीत के नारे

निर्वाचन की औपचारिक घोषणा के बाद जैसे ही नवनिर्वाचित सदस्य सभागार से बाहर निकले, समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया. परिसर में “संजय यादव जिंदाबाद” और “गुड्डू यादव जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा.

समर्थकों ने नवनिर्वाचित सदस्यों को फूल-मालाओं से लाद दिया. इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष संजय यादव, उपाध्यक्ष विपिन कुमार और सामाजिक कार्यकर्ता राजीव कुमार यादव उर्फ गुड्डू यादव का भी स्वागत किया गया.

प्रशासन रहा पूरी तरह सतर्क

प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील कुमार चांद ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद था. एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में थानाध्यक्ष एलबी सिंह और पुलिस बल लगातार निगरानी में तैनात रहे.

चुनाव प्रक्रिया के दौरान अंचलाधिकारी निशा सिंह, पुलिस पदाधिकारी मीनू शर्मा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. निर्विरोध निर्वाचन के साथ झाझा नगर परिषद की सशक्त स्थाई समिति का गठन पूरा हो गया है, जिससे नगर परिषद के प्रशासनिक और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

Also Read: टाल क्षेत्र में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री! STF की रेड में बड़ा खुलासा, चार गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन