दिल्ली में गठबंधन की सुगबुगाहट फिर तेज, आप ने कांग्रेस को दिया सोमवार तक का समय
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 19 Apr 2019 4:55 PM
नयी दिल्ली : दिल्ली में आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर दोनों पक्षों में बातचीत पर पूर्णविराम लगने की आशंकाओं के बीच एक बार फिर शुक्रवार को सीटों के बंटवारे पर दोनों दलों के बीच सकारात्मक संकेत मिले हैं. आप ने गठबंधन की बातचीत को अंजाम तक पंहुचाने के लिए कांग्रेस को सोमवार […]
नयी दिल्ली : दिल्ली में आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर दोनों पक्षों में बातचीत पर पूर्णविराम लगने की आशंकाओं के बीच एक बार फिर शुक्रवार को सीटों के बंटवारे पर दोनों दलों के बीच सकारात्मक संकेत मिले हैं.
आप ने गठबंधन की बातचीत को अंजाम तक पंहुचाने के लिए कांग्रेस को सोमवार तक का समय दिया है. इसके लिये पार्टी ने अपने तीन उम्मीदवारों के शनिवार को होनेवाले नामांकन को स्थगित कर दिया है. आप की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने बताया कि अब सोमवार को आप के शेष छह उम्मीदवारों का नामांकन होगा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उसके रुख पर पुनर्विचार करने के लिए मौका देने के चलते पार्टी ने यह फैसला किया है ताकि गठबंधन को लेकर कांग्रेस के साथ चल रही बातचीत निर्णायक स्थिति में पहुंच सके. उल्लेखनीय है कि आप के पश्चिमी दिल्ली से उम्मीदवार बलबीर सिंह जाखड़ बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं. शनिवार को पार्टी के तीन अन्य उम्मीदवारों के नामांकन का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम तय था.
इस बीच आप के सूत्रों ने कांग्रेस नेतृत्व के साथ गठबंधन पर बातचीत सकारात्मक दिशा में बढ़ने की जानकारी दी है. समझा जाता है कि कांग्रेस हरियाणा में दो सीट जननायक जनता पार्टी (जजपा) और एक सीट आप को देने तथा दिल्ली में चार सीट आप एवं तीन सीट पर खुद चुनाव लड़ने के विकल्प पर विचार करने को तैयार हो गयी है. आप नेताओं को कांग्रेस को हरियाणा में जजपा को तीनों दलों के एकसाथ मिलकर चुनाव लड़ने के लिए रजामंद करने का भरोसा दिलाया है.
उल्लेखनीय है कि जजपा के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला द्वारा हरियाणा में कांग्रेस को गठबंधन में शामिल नहीं करने की घोषणा के बाद कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको ने भी पार्टी के सातों सीटों पर उम्मीदवार तय कर लिये जाने की घोषणा कर गठबंधन की संभावनाओं को लगभग खत्म कर दिया था. चाको ने हालांकि शुक्रवार को उम्मीदवारों की घोषणा किये जाने की जानकारी देते हुए यह भी कहा था, हम दोनों ही स्थिति के लिए तैयार हैं, गठबंधन हो या नहीं, हम तैयार हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










