तुसाद में रखे गांधी जी के मोम के पुतले को हाथ में झाड़ू लिए दिखाने का मोदी ने दिया सुझाव
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 13 Aug 2018 10:38 PM
नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुझाव दिया था कि यहां मदाम तुसाद संग्रहालय में गांधी जी के मोम के पुतले को हाथ में एक झाड़ू पकड़े अपने आसपास की सफाई करते हुए दिखाया जाना चाहिए था. प्रधानमंत्री ने मदाम तुसाद के अधिकारियों को दिये एक साक्षात्कार में उनसे कहा था कि यह समूचे […]
नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुझाव दिया था कि यहां मदाम तुसाद संग्रहालय में गांधी जी के मोम के पुतले को हाथ में एक झाड़ू पकड़े अपने आसपास की सफाई करते हुए दिखाया जाना चाहिए था. प्रधानमंत्री ने मदाम तुसाद के अधिकारियों को दिये एक साक्षात्कार में उनसे कहा था कि यह समूचे भारत में सफाई के संदेश के साथ सवा सौ करोड़ देशवासियों को प्रेरित करेगा, जो स्वच्छ भारत अभियान में निहित है.
साथ ही, यह कुछ ऐसी चीज भी है जिसकी शिक्षा हमें राष्ट्रपिता का जीवन देता है. साक्षात्कार एक वीडियो के रूप में है और इसे संग्रहालय ने स्वतंत्रता दिवस से पहले साझा किया है. यह साक्षात्कार किस तारीख का है, इसकी जानकारी नहीं दी गयी है. दरअसल, मोदी को यह बताया गया था कि संग्रहालय में उनका पहला मोम का पुतला लगाया जायेगा. संग्रहालय पिछले साल दिसंबर में लोगों के लिए खोला गया था.
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आपने कहा कि आप संग्रहालय में मेरी पहली प्रतिकृति लगाना चाहते हैं. इसके बजाय, मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि पहले महात्मा गांधी का पुतला लगाया जाए और उन्हें अपने आसपास की सफाई करते हुए दिखाया जाए.’ उन्होंने अधिकारियों से कहा, ‘मैं एक तस्वीर भेजूंगा, जिसमें गांधी अपने हाथ में एक झाड़ू लिए दिख रहे हैं.’
गौरतलब है कि संग्रहालय के इतिहास खंड में मोदी का मोम का पुतला गांधी जी के पुतले के साथ है. वहां भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल और एपीजे अब्दुल कलाम सहित अन्य राष्ट्रीय नेताओं के भी पुतले हैं. प्रधानमंत्री दुनिया भर के प्रख्यात लोगों के बगल में अपना मोम का पुतला लगाये जाने पर शुरूआत में थोड़ा सा हिचकिचाए थे, लेकिन जब उन्हें पता चला कि यह फैसला ‘पब्लिक ओपीनियन’ का नतीजा है तब वह राजी हो गये.
उन्होंने कहा था कि उनका मोम का पुतला लगाये जाने से उनकी शख्सियत कुछ नरम दिख सकेगी, जो अब तक सख्त दिखायी गयी है. प्रधानमंत्री के मुताबिक मोम के पुतलों से सजा संग्रहालय दिल्ली में खोला जाना देश में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक कदम है और यह युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित करेगा.
उन्होंने कहा, ‘भारत में एक संग्रहालय खोलने के आपके फैसले का स्वागत है.’ यह संग्रहालय ऐतिहासिक रीगल बिल्डिंग में है जहां अभिनेता अमिताभ बच्चन, टॉम क्रूज, सलमान खान, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और मुक्केबाज मैरी कॉम जैसी 50 लोगों के मोम के पुतले हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










