भारत मंडपम से गरजे पीएम मोदी, कहा- कांग्रेस के 'कुशासन' के बाद जनता ने NDA पर जताया भरोसा

Published by : Pritish Sahay Updated At : 10 Jun 2026 8:53 PM

विज्ञापन

भारत मंडपम में पीएम मोदी, फोटो- पीटीआई

PM Modi: केंद्र में एनडीए सरकार के 12 साल पूरे होने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के मौके पर बुधवार (10 जून) को नई दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए की विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक में बीजेपी और एनडीए नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी. इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.

विज्ञापन

PM Modi: दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर एक बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में पीएम मोदी ने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें देश की इतनी लंबी अवधि तक सेवा करने का अवसर मिलेगा. पीएम मोदी ने कहा कि साल 2014 में जब एनडीए सत्ता में आया था, तब देश के लोगों ने बदलाव और नई उम्मीद के साथ गठबंधन पर भरोसा जताया था. पीएम मोदी ने कहा कि बीते 12 सालों में एनडीए ने उस विश्वास को और मजबूत करने का काम किया है.

कांग्रेस पर साधा निशाना

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक कांग्रेस के शासन में देश को धीमी विकास दर, भ्रष्टाचार और नीतिगत कमजोरी का सामना करना पड़ा. मोदी ने कहा कि 2014 के बाद सरकार की स्पष्ट नीयत, मजबूत नीति और निर्णयों के कारण विकास को नई गति मिली है. उन्होंने कहा कि देश अब आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और एनडीए सरकार इसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. मोदी ने बताया कि 2014 के 74 हवाई अड्डों की संख्या 2026 तक 160 से अधिक हो जाएगी. एक्सप्रेसवे, मेट्रो नेटवर्क, रक्षा निर्यात, इंटरनेट उपयोग और डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में भी देश ने गजब प्रगति की है.

पीएम मोदी ने गिनाई 12 सालों की उपलब्धियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले 12 सालों की उपलब्धियां बताती हैं कि मजबूत नीयत, स्पष्ट नीति और तेज फैसलों से विकास को नई गति मिल सकती है. उन्होंने कांग्रेस और एनडीए के शासन की तुलना करते हुए कहा कि पहले व्यवस्था लोगों को इंतजार कराती थी, जबकि आज परिणाम समय पर और बड़े स्तर पर दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि 2014 से 2026 तक की कहानी सिर्फ आंकड़ों की कहानी नहीं है. यह उस भारत की कहानी है जो पहली बार अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ रहा है, एक ऐसा भारत जो बड़े लक्ष्य तय करता है और उन्हें हासिल करने के लिए बिना थके काम करता है.

देश ने समझा स्थिरता का महत्व- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश की जनता ने राजनीतिक स्थिरता के महत्व को समझते हुए उन्हें लंबे समय तक सेवा का अवसर दिया है. उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश ने अस्थिरता और राजनीतिक उथल-पुथल का दौर देखा, जिससे विकास प्रभावित हुआ. आज जनता एक स्थिर और निर्णायक सरकार के कामकाज को देख रही है और उसकी सराहना कर रही है. प्रधानमंत्री ने देशवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 2014 में एनडीए की जीत के साथ आम नागरिकों में नई उम्मीद जगी थी, जिसे बनाए रखना और आगे बढ़ाना सभी की साझा जिम्मेदारी है.

पीएम मोदी ने तोड़ा नेहरू का रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. बुधवार को उनके कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे हो गए, जिससे उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. नेहरू ने 1952 के आम चुनाव के बाद लगातार इस पद पर कार्य किया था. इस ऐतिहासिक उपलब्धि और केंद्र में एनडीए सरकार के 12 साल पूरे होने के अवसर पर नई दिल्ली के भारत मंडपम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री तथा गठबंधन के वरिष्ठ नेता शामिल हुए.

तीसरे कार्यकाल में भी कायम है नेतृत्व

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में दोबारा जीत हासिल कर उन्होंने 30 मई 2019 से दूसरा कार्यकाल शुरू किया. वहीं, 2024 के आम चुनाव में एनडीए की जीत के बाद उन्होंने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभाला.

कई वरिष्ठ नेता और सहयोगी दलों के मंत्री रहे मौजूद

बैठक में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इसके अलावा एनडीए के सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने भी भाग लिया. इनमें तेलुगु देशम पार्टी के के. राम मोहन नायडू, जनता दल (यूनाइटेड) के राजीव रंजन सिंह, जनता दल (सेक्युलर) के एच.डी. कुमारस्वामी और अपना दल (सोनेलाल) की अनुप्रिया पटेल शामिल थीं.

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola