BRICS Summit 2026 Live Updates in Hindi : चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग दिल्ली के लिए रवाना, गलवान के बाद पहला भारत दौरा
BRICS Summit 2026 का Logo
BRICS Summit 2026 LIVE Updates in Hindi: ब्रिक्स सम्मेलन के दूसरे दिन नई दिल्ली के भारत मंडपम में दोपहर 2 बजे से सदस्य देशों के नेता पहुंचेंगे. दुनिया की नजर मोदी और जिनपिंग की मुलाकात पर रहने वाली है. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग गलवान में हुई झड़प के 7 साल बाद भारत आ रहे हैं. ब्रिक्स समिट की हर अपडेट के लिए आप जुड़े रहें प्रभात खबर के साथ.
BRICS Summit 2026 LIVE Updates Hindi: पीएम मोदी से मिले यूएन प्रमुख गुटेरेस, युद्ध और खाद-अनाज संकट पर चर्चा
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले संयुक्त राष्ट्र (UN) प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. गुटेरेस ने संयुक्त राष्ट्र के साथ भारत के करीबी सहयोग की तारीफ की. दोनों नेताओं के बीच मिडिल ईस्ट और यूक्रेन में चल रहे युद्ध और दुनिया भर में खाद व अनाज पर पड़ रहे इसके बुरे असर पर बात हुई. इसके अलावा समुद्र में जहाजों की खुली आवाजाही, आधुनिक दौर के हिसाब से वैश्विक संस्थाओं में जरूरी बदलाव और खतरनाक ऑटोमैटिक हथियारों के बढ़ते खतरे पर भी गंभीर चर्चा की गई.
BRICS Summit 2026 Visuals : भारत मंडपम से सामने आईं तस्वीरें
18वें ब्रिक्स समिट के आयोजन स्थल नई दिल्ली के भारत मंडपम से ताज़ा तस्वीरें सामने आई हैं. आज यानी 12 सितंबर से शुरू हो रहे इस सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य देशों के साथ-साथ कई अन्य देशों के बड़े नेता भी शामिल होंगे. इस बार के सम्मेलन की खास थीम 'लचीलापन, नयापन, सहयोग और सतत विकास' पर रखी गई है. भारत ब्रिक्स का संस्थापक सदस्य है और इससे पहले 2012, 2016 और 2021 में भी इस सम्मेलन की अध्यक्षता कर चुका है.
Xi Jinping India Visit 2026 : मोदी-शी मीटिंग से पहले चीन का 'good-neighbourliness' मैसेज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच आज ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान अहम बातचीत होगी. इस बैठक से पहले चीन ने अच्छे पड़ोसियों जैसे रिश्ते बनाए रखने की बात कही है. चीन का कहना है कि दोनों देशों को लंबे समय की दोस्ती पर ध्यान देना चाहिए और अपने मतभेदों को बातचीत से सुलझाना चाहिए. गलवान विवाद के बाद पिछले सात सालों में शी जिनपिंग का यह पहला भारत दौरा है, जहां दोनों देश अपने रिश्ते दोबारा बेहतर करने की कोशिश में जुटे हैं.
BRICS Summit 2026 LIVE Updates Hindi: दिल्ली में आज कई सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. विदेशी मेहमानों और नेताओं की सुरक्षा के चलते शनिवार को सुबह 9:30 बजे से रात 9:00 बजे तक कई प्रमुख रास्तों पर गाड़ियां रोक-रोक कर निकाली जाएंगी या उनके रास्ते बदले रहेंगे. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे समय से पहले निकलें और जाम से बचने के लिए ज्यादा से ज्यादा मेट्रो का इस्तेमाल करें. वहीं, एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवाओं वाली गाड़ियों को बिना किसी रोक-टोक के जाने दिया जाएगा.
BRICS Summit 2026 LIVE Updates Hindi: पीएम मोदी के न्योते पर दिल्ली रवाना हुए शी जिनपिंग, विदेश मंत्री वांग यी भी साथ
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए शनिवार को बीजिंग से नई दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं. वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर भारत आ रहे हैं. इस अहम यात्रा में उनके साथ चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता काई ची और चीनी विदेश मंत्री वांग यी समेत कई बड़े अधिकारी भी मौजूद हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए