पूर्णिया में शादी का दबाव बनाने पर महिला और बेटी की हत्या, प्रेमी गिरफ्तार
पूर्णिया में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी ने शादी के दबाव में पहले अपनी दो साल की बेटी की जान ली और फिर प्रेमिका का गला रेत दिया. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
Purnia News: पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग और शादी के दबाव से जुड़ा हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, शादी का दबाव बनाने पर एक युवक ने महिला की हत्या कर दी और उसकी दो साल की बेटी को भी मौत के घाट उतार दिया. नौ सितंबर को कल्याणपुर चौक पुल के पास महिला का सिर कटा शव मिलने के बाद शुरू हुई जांच में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर महिला का कटा हुआ सिर और उसकी दो साल की बेटी के शव का कंकाल बरामद किया गया है.
पुलिस ने मृतका की दूसरी बड़ी बेटी को भी सकुशल बरामद कर उसके दादा को सौंप दिया है. एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की जानकारी दी.
कल्याणपुर चौक के पास मिला था सिर कटा शव
नौ सितंबर को मरंगा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर चौक पुल यानी तीसरी नहर के पास एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव मिला था. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ शौर्य सुमन के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी. जांच में एफएसएल और डीआईयू टीम की भी मदद ली गयी.
जांच के दौरान मृतका की पहचान पूजा देवी, पति पवन शर्मा के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद मोफिल को गिरफ्तार कर लिया.
शादी का दबाव बढ़ा तो हत्या की साजिश
एसडीपीओ के अनुसार, पूजा देवी का पति पंजाब में मजदूरी करते हैं. इसी दौरान पूजा और मरंगा थाना क्षेत्र के रहुआ मोगलानी निवासी मोहम्मद मोफिल के बीच बातचीत शुरू हुई. पुलिस के मुताबिक, पिछले पांच-छह महीने से दोनों के बीच प्रेम संबंध था. दोनों पहले से शादीशुदा थे.
पुलिस का कहना है कि पूजा देवी आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाने लगी थी. इसके बाद आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनायी. जांच के अनुसार, आरोपी ने पहले पूजा की दो साल की बेटी अनुष्का की हत्या की और फिर चाकू से पूजा का गला काट दिया.
आरोपी की निशानदेही पर सिर और बच्ची का कंकाल बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की. उसकी निशानदेही पर पूजा देवी का कटा हुआ सिर बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस ने दो साल की अनुष्का के शव का कंकाल भी बरामद किया.
एसडीपीओ ने बताया कि घटना को पांच से सात दिनों के भीतर अंजाम दिया गया था. पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
Purnia News: ससुर के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना को लेकर मृतका के ससुर करीब 70 वर्षीय जलधर शर्मा, निवासी मिल्की वार्ड संख्या 14, मरंगा के आवेदन पर मरंगा थाना कांड संख्या 349/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
इस कार्रवाई में एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर, मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार, पुअनि रोहित कुमार, पुअनि कुमार पंकज, पुअनि सुमन कुमारी, पुअनि राकेश कुमार शर्मा, पीटीसी मदन कुमार, सशस्त्र बल और डीआईयू टीम की भूमिका रही.
Also Read: नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का बदलेगा नाम? JDU के सांसद और मंत्री के बयान से चर्चा तेज
Also Read: प्रशांत किशोर बोले- हां हूं मैं बेचारा, CM सम्राट चौधरी के इस बयान का PK ने दिया रिप्लाई
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए