कोसी स्नातक MLC चुनाव को लेकर एक्शन में प्रशांत किशोर: पूर्णिया में 4 जिलों के नेताओं संग बैठक; सभी 8 सीटों पर लड़ेगा 'जन सुराज'
फोटो- पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते प्रशांत किशोर | Prabhat Khabar Network
जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर ने कोसी स्नातक MLC चुनाव के मद्देनजर पूर्णिया में 4 जिलों के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. इस दौरान संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर गहन चर्चा हुई.
पूर्णिया. जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर आगामी कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को पूर्णिया पहुंचे. उन्होंने पूर्व सांसद उदय सिंह के मधुबनी स्थित आवास पर पूर्णिया प्रमंडल के चारों जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में चुनाव की तैयारियों, संभावित प्रत्याशियों के चयन और चुनावी अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई.
संगठन मजबूत करने और मतदाताओं से संवाद बढ़ाने पर जोर
बैठक के दौरान संगठन को बूथ और जमीनी स्तर पर मजबूत करने, मतदाताओं से संवाद बढ़ाने तथा क्षेत्र में चुनाव अभियान को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया. प्रशांत किशोर ने पार्टी पदाधिकारियों से चुनाव की तैयारियों को लेकर जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और बेहतर समन्वय के साथ काम करने का आह्वान किया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं तक पार्टी की नीतियों और आगामी चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति पहुंचाने पर जोर दिया.
संभावित प्रत्याशी और चुनावी रणनीति पर हुई चर्चा
बैठक में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से संभावित प्रत्याशियों के चयन को लेकर भी चर्चा हुई. इसके साथ ही चुनाव अभियान को किस तरीके से आगे बढ़ाया जाए, किन क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियां तेज की जाएं और मतदाताओं के बीच संपर्क कैसे बढ़ाया जाए, इन मुद्दों पर पार्टी नेताओं ने अपने सुझाव रखे.
सभी आठ सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान
जन सुराज पार्टी आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर पहले से ही तैयारियों में जुटी है. पार्टी की ओर से सभी आठ सीटों पर अपने उम्मीदवार मैदान में उतारने का ऐलान किया गया है. इसी क्रम में पार्टी नेतृत्व की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठकें की जा रही हैं. प्रशांत किशोर इससे पहले सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और चंपारण में भी पार्टी पदाधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक कर चुके हैं.
चारों जिलों के जिलाध्यक्ष और प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जन सुराज पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना, प्रदेश महासचिव सुभाष कुशवाहा, सरवर अली और लल्लन यादव समेत अन्य पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे. इसके अलावा पूर्णिया जिला अध्यक्ष कृष्ण मोहन सिंह, अररिया जिला अध्यक्ष देव राज शाह, किशनगंज जिला अध्यक्ष इशाक आलम, कटिहार से नसीम अख्तर, सत्यनारायण शर्मा, अबू आफान फारुकी, कुणाल निषाद, रजनीश रंजन, संतोष सिंह, अमोद मंडल, बंटी यादव और अमरनाथ उपाध्याय समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने बैठक में हिस्सा लिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए