मुजफ्फरपुर: ग्रामीण विकास को मिलेगी नई रफ्तार, हर महीने के अंतिम रविवार को मनेगा पंचायत विकास दिवस 

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

Muzaffarpur News: सभी ग्राम पंचायतों में अब हर महीने के अंतिम रविवार को 'पंचायत विकास दिवस' मनेगा.मुखिया की अध्यक्षता में सुबह 10 बजे से लगने वाली इस चौपाल में ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा और जनसमस्याओं का निपटारा होगा. जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर से प्रभात कुमार की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: जिले में ग्रामीण विकास को एक नई गति देने और ग्राम पंचायतों को सीधे विकास लक्ष्यों से जोड़ने के लिए एक बड़ा निर्णय लिया गया है.अब जिले की सभी ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को अनिवार्य रूप से ‘पंचायत विकास दिवस’ का आयोजन किया जायेगा.सरकार के पंचायती राज विभाग द्वारा जारी विशेष दिशा-निर्देशों के आलोक में जिला पदाधिकारी (डीएम) ने सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, पंचायतस्तरीय पदाधिकारियों और संबंधित विभागों को इस कार्यक्रम की समय पर तैयारी, सक्रिय सहभागिता एवं सफल संचालन सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश जारी किया है.

मुखिया करेंगे अध्यक्षता, सजेगी विकास की चौपाल 

पंचायत विकास दिवस का आयोजन प्रत्येक ग्राम पंचायत में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा.इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित ग्राम पंचायत के मुखिया करेंगे.इस चौपाल में पंचायत के सभी निर्वाचित प्रतिनिधि, ग्रामसभा के सदस्य, पंचायत सचिव, विकास मित्र, जीविका समूह की दीदियां, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, आशा कार्यकर्ता तथा विभिन्न सरकारी विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से भाग लेंगे.

योजनाओं की समीक्षा और जनसमस्याओं का ऑन-स्पॉट निपटारा 

इस दिवस के दौरान ग्राम पंचायत के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर आमने-सामने विस्तृत चर्चा होगी.पंचायत द्वारा पूर्व में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और आम नागरिकों को सरकार की नई जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी.पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मिलकर विकास संबंधी नई प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श करेंगे तथा स्थानीय समस्याओं के ऑन-स्पॉट समाधान के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव देंगे.

सात दिन पहले चस्पा होगी सूचना, डीएम ने की अपील

 नियमों के अनुसार पंचायत विकास दिवस के आयोजन से पूर्व गांव में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा.पंचायत भवन, सरकारी विद्यालयों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नोटिस चस्पा किया जाएगा.इस बैठक की लिखित सूचना कम-से-कम सात दिन पहले पूरे ग्राम पंचायत क्षेत्र में उपलब्ध कराई जाएगी ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इसमें शामिल हो सकें.डीएम ने कहा कि इससे पंचायतों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी.

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन