वैष्णो देवी की गुफा में बिराजेंगी धर्मपुर की मां दुर्गा

जिले के खैरा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव स्थित दुर्गा मंदिर की महिमा दूर-दूर तक प्रचलित है. यहां हर किसी की मांगी मुरादें अवश्य पूरी होती है.
जमुई . जिले के खैरा थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव स्थित दुर्गा मंदिर की महिमा दूर-दूर तक प्रचलित है. यहां हर किसी की मांगी मुरादें अवश्य पूरी होती है. बताया जाता है कि धर्मपुर दुर्गा मंदिर में मां दुर्गा के वैष्णव रूप की पूजा-अर्चना की जाती है. इस बार पूजा समिति के सदस्य मां वैष्णो देवी की गुफा के तर्ज पर पंडाल का निर्माण करवाया जा रहा है. जानकारी देते हुए मां वैष्णवी दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि इस मंदिर में आजादी के पूर्व से ही मां के वैष्णव रूप की पूजा अर्चना की जा रही है, लेकिन बीते 23 वर्षों से ग्रामीणों के सहयोग से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है. पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि पहले यहां पिंडी रूप में पूजा अर्चना की जाती थी. मंदिर में परमानंद पंडित नवरात्र में पाठ करते हैं. कलश स्थापना के साथ नवरात्र के प्रथम दिन से ही पूजा प्रारंभ होने के साथ ही मेला का भी आयोजन शुरू हो गया है. सदस्यों ने बताया कि हर साल सप्तमी, अष्टमी, नवमी, दशमी को मेला का आयोजन किया जाता है जिसमें श्रृद्धालुओं की काफी भीड़ लगती है. भीड़ को नियंत्रित करने में प्रशासन का सहयोग भी मिलता है.नवरात्र के सप्तमी के दिन पट खुलने के बाद मां को खीर, पुड़ी का भोग लगाकर सभी श्रद्धालूओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाता है. और दशमी के दिन भंडारा किया जायेगा.
संतान प्रदान करने वाली के रूप में श्रद्धालु करते हैं मां की पूजा
बताया जाता है कि इस स्थान पर जो भी श्रद्धालु संतान प्राप्ति की मन्नतें मांगते हैं उनकी मन्नतें मां अवश्य पूरा करती है. इसलिए आस-पास के गांव के श्रद्धालु संतान प्रदान करने वाली के रूप में मां की अराधना करते हैं.
12 फीट से अधिक ऊंची प्रतिमा का हो रहा निर्माण
पूजा समिति के सदस्य द्वारा बताया गया कि इस बार यहां 12 फुट से अधिक ऊंची प्रतिमा का निर्माण कराया जा रहा है. इसके साथ ही अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी बनाई जा रही है. सदस्यों द्वारा बताया गया कि पिछले 21 वर्षों से मुंगेर जिला के तारापुर निवासी यदुनंदन पंडित द्वारा प्रतिमा का निर्माण किया जा रहा है.
सैकड़ों श्रद्धालु देते हैं दंडवत
दुर्गा पूजा के अवसर पर सैकड़ों महिला – पुरुष श्रद्धालु मंदिर के सामने स्थित तालाब से प्रतिदिन दंडवत देते हुए मंदिर पहुंच मां से अपनी मन्नतें मांगते हैं. बताया जाता है कि दंडवत देने वाले सभी श्रद्धालुओं की मन्नतें मां अवश्य पुरी करती है. नवरात्र के मौके पर प्रतिदिन सुबह और शाम विशेष आरती का आयोजन किया जाता है जिसमें बड़ी संख्या में महिला पुरुष श्रद्धालु शामिल होते हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




