Jharkhand Bandh: आंदोलनकारी छात्रों के बीच पहुंचे AJSU सुप्रीमो सुदेश महतो, CBI जांच की उठाई मांग
झारखंड बंद लाइव अपडेट
जेपीएससी नियुक्ति में गड़बड़ी को लेकर झारखंड बीजेपी ने राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है. रांची में पार्टी कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर और रोड ब्लॉक कर अपना विरोध जताया है.
Jharkhand Bandh Live Updates: AJSU सुप्रीमो सुदेश महतो ने की सीबीआई जांच की मांग
जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली और आंदोलनरत अभ्यर्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के बाद सूबे की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है. ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे पीड़ित उम्मीदवारों और छात्रों से मुलाकात कर उन्हें अपना समर्थन दिया. प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए और मीडिया से बातचीत में सुदेश महतो ने हेमंत सोरेन सरकार पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि हम सरकार की गलत नीतियों और वादाखिलाफी के खिलाफ विरोध दर्ज करा रहे हैं. सरकार में बैठे लोग कुछ दिन पहले आंदोलन का समर्थन करने और मुद्दे को सुलझाने की बड़ी-बड़ी बातें कर रहे थे. अब वे छात्रों की जायज आवाज को दबाने के लिए उन पर लाठीचार्ज का क्रूर आदेश दे दिया. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि पुलिसिया बर्बरता में कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं और वर्तमान में अस्पतालों में भर्ती हैं. आजसू प्रमुख ने कहा कि सरकार की बदलती बयानबाजी से यह लगभग साफ हो चुका है कि परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई हैं. उन्होंने मांग की कि इस पूरे नियुक्ति घोटाले की निष्पक्ष सीबीआई (CBI) जांच कराई जाए और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले जिम्मेदार अफसरों व बिचौलियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो.
Jharkhand Bandh Live Updates: रामगढ़ के सुभाष चौक पर बीजेपी का प्रदर्शन

जेपीएससी (JPSC), जेएसएससी (JSSC) और सीजीएल (CGL) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और आंदोलनरत छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए 'झारखंड बंद' का व्यापक असर रामगढ़ जिले में देखने को मिला. मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बाबला के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और राज्य सरकार के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया. रामगढ़ शहर और आसपास के प्रखंडों में बंद समर्थकों ने सुबह से ही आक्रामक रुख अपनाया. सुबह लगभग 9 बजे ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने रामगढ़ शहर के प्रमुख सुभाष चौक के पास सड़क पर जेसीबी (JCB) और बैरिकेडिंग लगाकर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. चक्का जाम के कारण मुख्य मार्ग पर दोनों ओर यात्री और मालवाहक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. हालांकि, आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं से जुड़ी गाड़ियों (एम्बुलेंस आदि) को कार्यकर्ताओं ने छूट दी और उनका परिचालन सामान्य रहा. जिलाध्यक्ष के अलावा रंजय कुमार (कुंटु बाबू), प्रो. संजय सिंह, राजू चतुर्वेदी, सुशांत कुमार पांडेय, छोटन सिंह, शिव कुमार महतो, शीतल सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं की अगुवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों व मंडलों में भी विरोध प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बाबला ने कहा कि अपने हक और न्याय की आवाज उठा रहे निहत्थे छात्रों पर पुलिस बल का प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ और अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. बाबला ने स्पष्ट किया कि JPSC, JSSC और CGL परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है. भाजपा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी और उनके न्यायपूर्ण संघर्ष में हमेशा साथ खड़ी रहेगी.
Jharkhand Bandh Live Updates: 'मंत्री इरफान अंसारी ने लगाया बीजेपी पर गंभीर आरोप
जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) धांधली व छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री आवास के बाहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों द्वारा दिए गए धरने को लेकर राज्य सरकार के मंत्री इरफान अंसारी ने बेहद गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य राजनीतिक विरोध या प्रदर्शन नहीं था, बल्कि राज्य के आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की हत्या की साजिश का प्रयास था. उन्होंने कहा कि कल हमारे मुख्यमंत्री बाल-बाल बचे हैं. जब सदन की कार्यवाही चल रही थी, तब भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री आवास पर धरना दिया, वह प्रदर्शन नहीं था, बल्कि हत्या का प्रयास था." इरफान अंसारी ने चिंता जताते हुए कहा कि जरा सोचिए- यदि किसी राज्य का आदिवासी मुख्यमंत्री बिना पर्याप्त सुरक्षा के सड़क किनारे रहता है और ठीक वहीं इस तरह का धरना दिया जाता है... मान लीजिए कि कोई दीवार कूदकर भीतर घुस जाता? मुख्यमंत्री वहां अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मौजूद थे. अगर कोई अनहोनी हो जाती, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती?" उन्होंने कहा कि इस तरह के उग्र प्रदर्शन के पीछे असली मंशा क्या थी, इसकी पहचान की जानी चाहिए.
Jharkhand Bandh Live Updates: तय सीमा से पहले खत्म करना पड़ा सदन
जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधली, अभ्यर्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज और 'झारखंड बंद' के मुद्दे पर विधानसभा के भीतर विपक्षी विधायकों द्वारा किए गए भारी हंगामे और नारेबाजी के कारण मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी. मानसून सत्र की कार्यवाही पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 अगस्त तक प्रस्तावित थी, लेकिन हंगामे के चलते सदन को तय समय से एक दिन पहले ही अनिश्चितकाल के लिए खत्म करना पड़ा.
Jharkhand Bandh Live Updates: ABVP कार्यकर्ताओं ने पुलिस अफसर की फाड़ी वर्दी

जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली व छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में 'झारखंड बंद' के दौरान रांची के बरियातू इलाके में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं का भारी उग्र प्रदर्शन देखने को मिला. प्रदर्शन के दौरान स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि उग्र प्रदर्शनकारियों ने बरियातू थाना प्रभारी (थानेदार) प्रकाश रजक की वर्दी तक फाड़ दी. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी और बल की लाचारी साफ नजर आई, जहां खाकी वर्दी पहनने वाले अधिकारी उग्र छात्रों के सामने असहाय होकर स्थिति को संभालने की कोशिश करते दिखाई दिए.
साहिबगंज में बीजेपी का प्रदर्शन

जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली और आंदोलनरत छात्रों पर हुए पुलिस द्वारा लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए 'झारखंड बंद' का बरहेट में मिला-जुला और व्यापक प्रभाव देखने को मिला. भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष भारती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही बरहेट बाजार में घूम-घूमकर दुकानों को बंद कराया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस बंद और विरोध प्रदर्शन में शहीद सिद्धो-कान्हू के वंशज सह भाजपा नेता मंडल मुर्मू विशेष रूप से शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता मंडल मुर्मू ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि हेमंत सरकार झारखंड के युवाओं और छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ सरासर खिलवाड़ कर रही है. प्रदर्शनकारियों ने मांग उठाई कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा घोटालों की निष्पक्ष सीबीआई (CBI) जांच कराई जाए और पीड़ित छात्रों को तुरंत न्याय दिया जाए. बंद के दौरान बरहेट की स्थानीय दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर मिला-जुला असर देखा गया, जहां कई दुकानें कार्यकर्ताओं की अपील पर बंद रहीं. इस अवसर पर रमिता तिवारी, हेमंत साह, हनीफ अंसारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए