राज्यसभा चुनाव: महुआ मांझी का बड़ा खुलासा, जेएमएम विधायकों को रिसॉर्ट में रखने का भी आया था प्रस्ताव
राज्यसभा सांसद महुआ मांझी.
Rajya Sabha Election: राज्यसभा सांसद महुआ मांझी ने खुलासा किया कि जेएमएम विधायकों को रिसॉर्ट में रखने का प्रस्ताव था, लेकिन हेमंत सोरेन ने विधायकों पर भरोसा जताते हुए इसे खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी विधायक एकजुट हैं और दोनों सीटों पर जीत संख्या बल के आधार पर तय है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
Rajya Sabha Election: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान के बीच राज्यसभा सांसद महुआ मांझी विधानसभा परिसर पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं और विधायकों को होटल अथवा रिसॉर्ट में रखने की रणनीति पर खुलकर अपनी बात रखी. महुआ मांझी ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत तय है, क्योंकि गठबंधन के पास आवश्यक संख्या बल मौजूद है.
जेएमएम विधायकों को रिसॉर्ट भेजने का था प्रस्ताव
महुआ मांझी ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि झामुमो विधायकों को भी किसी रिसॉर्ट में ठहराने का प्रस्ताव सामने आया था. हालांकि पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपने विधायकों पर पूरा भरोसा था. इसी कारण झामुमो ने रिसॉर्ट राजनीति का रास्ता नहीं अपनाया और सभी विधायकों को स्वतंत्र रूप से रहने दिया. उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व को अपने विधायकों की एकजुटता पर पूरा विश्वास है, इसलिए किसी को बाहर भेजने की जरूरत नहीं समझी गई.
कांग्रेस का फैसला अलग, हर दल की अपनी रणनीति
महुआ मांझी ने कांग्रेस विधायकों को होटल में ठहराए जाने के सवाल पर कहा कि हर राजनीतिक दल की अपनी कार्यशैली और रणनीति होती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने अपने विधायकों को एकजुट रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया होगा. उनके मुताबिक, दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले विधायकों को एक स्थान पर रखने के पीछे यह भी सोच हो सकती है कि कहीं रास्ते में कोई व्यवधान न आ जाए, कोई बीमार न पड़ जाए या समय पर विधानसभा पहुंचने में कोई परेशानी न हो.
बीजेपी के दावों पर साधा निशाना
महुआ मांझी ने बीजेपी के दावों पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि बीजेपी की राजनीति पूरे देश में दूसरी पार्टियों के नेताओं और विधायकों को अपने पक्ष में करने की रही है. उन्होंने बंगाल और महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा यहां भी वैसी ही सफलता की उम्मीद कर रही है, लेकिन झारखंड में ऐसा संभव नहीं होगा. उनका कहना था कि इंडिया गठबंधन के सभी विधायक एकजुट हैं और दोनों सीटों पर गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है.
मुख्यमंत्री आवास में हुई मॉक ड्रिल
महुआ मांझी ने बताया कि मतदान से पहले मुख्यमंत्री आवास में लगातार कई दिनों तक बैठकें हुईं. इस दौरान मॉक ड्रिल भी कराई गई और सभी विधायकों ने एकजुटता बनाए रखने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि गठबंधन के नेताओं और विधायकों के बीच लगातार संवाद हुआ है, जिससे किसी तरह की असमंजस की स्थिति नहीं है.
होटल में ठहराने को बताया एहतियाती कदम
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों को होटल में ठहराना महज एक एहतियाती कदम हो सकता है. जैसे एनडीए के विधायक रेडिसन ब्लू होटल में ठहरे थे, उसी तरह कांग्रेस के विधायकों को भी एक स्थान पर रखा गया. इसका उद्देश्य सिर्फ यह सुनिश्चित करना था कि सभी विधायक समय पर मतदान में भाग ले सकें.
इसे भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: वोटिंग के बाद बीजेपी विधायकों का दावा, ‘दिल्ली जा रहे हैं परिमल नथवानी’
‘हम हवा-हवाई नहीं, आंकड़ों के आधार पर दावा कर रहे’
महुआ मांझी ने कहा कि बीजेपी अपने उम्मीदवार की जीत का दावा कर रही है, लेकिन इंडिया गठबंधन संख्या बल के आधार पर विश्वास जता रहा है. उन्होंने कहा कि गठबंधन के पास पर्याप्त वोट हैं और इसी आधार पर दोनों उम्मीदवारों की जीत का दावा किया जा रहा है. महुआ मांझी ने दोहराया कि उनका भरोसा किसी अनुमान या अटकल पर नहीं, बल्कि विधानसभा में मौजूद संख्या बल पर आधारित है और शाम तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी.
इसे भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: झारखंड के सभी 81 विधायकों ने डाल दिया वोट, जयराम महतो का किसे मिला साथ?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










