Amrit Bharat Express: 21 जून को जयपुर-दरभंगा नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव
अमृत भारत एक्सप्रेस की सांकेतिक तस्वीर
Amrit Bharat Express: 21 जून को जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा नई रेल सेवा की शुरुआत होगी. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. सप्ताह में छह दिन चलने वाली यह ट्रेन रक्सौल, सीतामढ़ी, नरकटियागंज समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. पढ़ें पूरी खबर…
Amrit Bharat Express: बिहार के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है. केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव 21 जून 2026 को जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. यह नई रेल सेवा सप्ताह में छह दिन संचालित होगी और राजस्थान तथा बिहार के बीच संपर्क को मजबूत बनाएगी.
रेलवे के अनुसार, नई ट्रेन रोजगार, शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी.
बिहार और राजस्थान के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी
जयपुर देश के प्रमुख पर्यटन, औद्योगिक और सांस्कृतिक केंद्रों में शामिल है, जबकि दरभंगा मिथिला संस्कृति, शिक्षा और ऐतिहासिक महत्व के लिए जाना जाता है. नई रेल सेवा दोनों राज्यों के बीच आवागमन को आसान बनाने के साथ आर्थिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी.
वर्तमान में अजमेर से दरभंगा के लिए साप्ताहिक ट्रेन सेवा उपलब्ध है. अब नई अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू होने से यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, भरतपुर, ईदगाह आगरा, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव, ऐशबाग, गोमतीनगर, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड और कमतौल स्टेशनों पर होगा.
इन स्टेशनों के आसपास रहने वाले लाखों यात्रियों को इस सेवा का सीधा लाभ मिलेगा.
खातीपुरा में होगा ट्रेन का मेंटेनेंस
रेलवे के अनुसार, इस ट्रेन का प्राथमिक अनुरक्षण (Primary Maintenance) खातीपुरा स्थित नवनिर्मित कोच केयर कॉम्पलेक्स में किया जाएगा.
रेलवे ने खातीपुरा स्टेशन पर लगभग 205 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक कोच केयर कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया है. यहां वंदे भारत, डेमू, एलएचबी रेक और अन्य ट्रेनों का अनुरक्षण कार्य एक ही स्थान पर किया जा सकेगा.
रेल मंत्री करेंगे एक और नई ट्रेन की शुरुआत
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 21 जून को बीकानेर-अहमदाबाद नई रेल सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. रेलवे का कहना है कि नई सेवाओं से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
यह भी पढ़ें: साप्ताहिक से दैनिक सेवा में बदलेगी दरभंगा-अजमेर अमृत भारत एक्सप्रेस, रेल मंत्री की घोषणा से मिथिला में खुशी
यात्रियों को क्या होगा फायदा
- बिहार और राजस्थान के बीच सीधी कनेक्टिविटी मजबूत होगी.
- सप्ताह में छह दिन ट्रेन सेवा उपलब्ध रहेगी.
- रोजगार, शिक्षा और व्यापार के लिए यात्रा आसान होगी.
- रक्सौल, सीतामढ़ी, नरकटियागंज और दरभंगा क्षेत्र के यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा.
- मिथिलांचल और राजस्थान के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










