ePaper

शेयर बाजार में बजट बाद की तेजी जारी, सेंसेक्स 4 माह के उच्चस्तर 28,227 पर

Updated at : 02 Feb 2017 6:01 PM (IST)
विज्ञापन
शेयर बाजार में बजट बाद की तेजी जारी, सेंसेक्स 4 माह के उच्चस्तर 28,227 पर

मुंबई : शेयर बाजारों में आज बजट के बाद तेजी का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा. सेंसेक्स 28,227 अंक के करीब चार महीने के उच्चस्तर पर पहुंच गया. मिलजुले वैश्विक रुख के बीच सेंसेक्स को स्वास्थ्य सेवा और आईटी शेयरों से सहारा मिला. वाहन, पूंजीगत सामान तथा बुनियादी ढांचा को छोड़कर अन्य सभी वर्गों […]

विज्ञापन

मुंबई : शेयर बाजारों में आज बजट के बाद तेजी का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा. सेंसेक्स 28,227 अंक के करीब चार महीने के उच्चस्तर पर पहुंच गया. मिलजुले वैश्विक रुख के बीच सेंसेक्स को स्वास्थ्य सेवा और आईटी शेयरों से सहारा मिला. वाहन, पूंजीगत सामान तथा बुनियादी ढांचा को छोड़कर अन्य सभी वर्गों के शेयरों में तेजी आयी.

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 28,070.81 से 28,299.92 अंक के दायरे में रहने के बाद अंत 84.97 अंक या 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 28,226.61 अंक पर बंद हुआ. यह सेंसेक्स का 4 अक्तूबर के बाद सबसे ऊंचा बंद स्तर है. उस दिन सेंसेक्स 28,334.55 अंक पर बंद हुआ था. कल बजट बाद सेंसेक्स ने 486 अंक की छलांग लगायी थी.

नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी भी 17.85 अंक या 0.20 प्रतिशत के लाभ से 8,734.25 अंक पर पहुंच गया. कारोबार के दौरान यह 8,685.80 से 8,757.60 अंक के दायरे में रहा. जियोजित बीएनपी परिबा फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘आईटी और फार्मा शेयरों में बढ़त तथा अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीति में बदलाव नहीं होने से डॉलर में कमजोरी से बाजार को कुछ रफ्तार मिली.’

फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बदलाव नहीं करने के फैसले से डालर के मुकाबले रुपया 67.37 प्रति डालर पर मजबूती के साथ बंद हुआ. कारोबारियों का कहना है कि बजट में बुनियादी ढांचा क्षेत्र को उल्लेखनीय आबंटन तथा सस्ते मकानों, ग्रामीण विकास तथा कृषि पर विशेष ध्यान दिया गया है जिससे बाजार में तेजी जारी रही.

सॉफ्टवेयर कंपनियों इन्फोसिस, टीसीएस तथा टेक महिंद्रा के शेयरों में मांग रही. इनमें 2.85 प्रतिशत तक का लाभ रहा. दवा कंपनी डॉ रेड्डीज का शेयर सबसे अधिक 3.31 प्रतिशत चढ़ा. सनफार्मा में 2.64 प्रतिशत का लाभ रहा. सेंसेक्स के 30 शेयरों में 15 लाभ में रहे. हालांकि, जनवरी के निराशाजनक बिक्री आंकड़ों से वाहन कंपनियों हीरो मोटोकार्प, एमएंडएम तथा टाटा मोटर्स के शेयरों में गिरावट आयी.

शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने कल शुद्ध रूप से 92.73 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. घरेलू संस्थागत निवेशकों ने शुद्ध रूप से 1,133.74 करोड़ रुपये की लिवाली की.

स्मालकैप और मिडकैप में 0.95 प्रतिशत तक का लाभ दर्ज हुआ. अन्य एशियाई बाजारों में कमजोरी का रुख था. हांगकांग का हैंगसेंग 0.61 प्रतिशत तथा जापान का निक्की 1.22 प्रतिशत के नुकसान में रहा. शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजारों में मिलाजुला रुख था.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola