बढ़ते सड़क हादसों पर सामाजिक कार्यकर्ता ने सांसद से लगाई गुहार, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की उठाई मांग
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 12 Jun 2026 11:22 AM
सामाजिक कार्यकर्ता नीलेश ने सांसद से की मुलाकात
Khagaria News: खगड़िया में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और हालिया ठनका हादसों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता नीलेश यादव ने नई दिल्ली में सांसद राजेश वर्मा से मुलाकात की. उन्होंने सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और मृतकों के परिजनों को जल्द सहायता दिलाने की मांग उठाई.
खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट
Khagaria News: खगड़िया जिले के सामाजिक कार्यकर्ता नीलेश यादव ने नई दिल्ली में सांसद राजेश वर्मा से मुलाकात कर क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण जनसमस्याओं को उनके समक्ष रखा. मुलाकात के दौरान उन्होंने हाल ही में ठनका गिरने से हुई पांच लोगों की मौत, सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती जानहानि और ट्रैफिक व्यवस्था की खामियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया.
ठनका से हुई मौतों पर जताया दुख
नीलेश यादव ने सांसद को बताया कि हाल के दिनों में जिले में बिजली गिरने की घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो चुकी है. इस पर सांसद राजेश वर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि मृतकों के आश्रितों को शीघ्र मुआवजा दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी. साथ ही घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आश्वासन दिया.
दो माह में दो दर्जन से अधिक लोगों की गई जान
मुलाकात के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता ने खगड़िया जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की. उन्होंने सांसद को बताया कि पिछले दो महीनों के दौरान सड़क हादसों में दो दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. लगातार हो रही दुर्घटनाओं के कारण लोगों में भय और चिंता का माहौल है.
खगड़िया-पसराहा मार्ग पर उठाई सुरक्षा की मांग
नीलेश यादव ने विशेष रूप से खगड़िया से पसराहा के बीच बढ़ती दुर्घटनाओं की ओर सांसद का ध्यान आकर्षित किया. उन्होंने इस मार्ग पर ट्रैफिक सिग्नल, जेब्रा क्रॉसिंग और ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की. उनका कहना था कि इन बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है.
फोरलेन सड़क निर्माण की भी उठी मांग
क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता ने फोरलेन सड़क निर्माण की मांग भी सांसद के समक्ष रखी. उनका कहना था कि सड़क का विस्तार होने से यातायात सुगम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी.
सांसद ने कार्रवाई का दिया भरोसा
सांसद राजेश वर्मा ने सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीर बताते हुए संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा और सड़क सुरक्षा से जुड़े सुझावों पर भी विचार किया जाएगा.
Also Read: पटना जंक्शन समेत इन 10 स्टेशनों पर नई सुविधा, हावड़ा की तरह बनेगा कैब रोड
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










