पटना जंक्शन समेत इन 10 स्टेशनों पर नई सुविधा, हावड़ा की तरह बनेगा कैब रोड
हावड़ा स्टेशन पर कैब रोड की तस्वीर
Railway Station In Bihar: बिहार में पटना जंक्शन समेत 10 रेलवे स्टेशनों पर नई सुविधा यात्रियों को मिलने वाली है. हावड़ा जंक्शन की तरह इन स्टेशनों पर भी कैब रोड बनाए जायेंगे. ऐसे में गाड़ियों को सीधे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने की सुविधा होगी.
पटना से आनंद तिवारी की रिपोर्ट
Railway Station In Bihar: बिहार के 10 रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को नई सुविधा मिलने वाली है. रेलवे ने पटना जंक्शन के साथ-साथ पूर्व मध्य रेलवे के 10 स्टेशनों पर नई सुविधाएं विकसित करने का फैसला लिया है. इनमें खासकर पटना जंक्शन, दानापुर, गया और दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) को हावड़ा जंक्शन के तर्ज पर विकसित किया जायेगा, जहां गाड़ियों को सीधे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने की सुविधा होगी.
वर्तमान में हावड़ा में प्लेटफॉर्म नंबर 8-9 और 21-22 के बीच एक सड़क है, जिसे कैब रोड कहा जाता है. इसी तरह पटना, दानापुर, डीडीयू और गया जंक्शन पर यह सुविधा होगी. जबकि समस्तीपुर, सोनपुर, आरा, बक्सर, मुजफ्फरपुर और दरभंगा स्टेशनों की भी री-मॉडलिंग की योजना है. दानापुर मंडल ने इसका मास्टर प्लान तैयार कर लिया गया है.
हर प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए होगा अलग इंट्री गेट
नई व्यवस्था के तहत हर प्लेटफॉर्म पर आने-जाने के लिए अलग-अलग एंट्री गेट होंगे. वेटिंग हॉल से निकलने के बाद यात्री एक ही प्लेटफॉर्म पर जा सकेंगे. उस प्लेटफॉर्म पर जाने के बाद दूसरे प्लेटफॉर्म पर नहीं जा सकेंगे. यही नहीं, बिना टिकट के प्लेटफॉर्म या जेनरल वेटिंग हॉल में भी नहीं बैठ सकेंगे.
यहां बनाए जायेंगे दो नये फुट ओवरब्रिज
अब पटना जंक्शन से उतरने वाले यात्री ट्रॉली के जरिए समान लेकर मल्टी मॉडल हब तक जा सकते हैं. वहां पर टोकन की भी सुविधा रहेगी. इसके अलावा 35 से 40 फुट चौड़े दो नये फुट ओवरब्रिज बनेंगे. दोनों फुट ओवरब्रिज प्लेटफॉर्म नंबर एक से लेकर 10 तक लंबे होंगे.
यात्रियों को मिलेंगे ये फायदे
- यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा सुनिश्चित की जायेगी
- प्लेटफॉर्म और वेटिंग हॉल में भीड़ नहीं लगेगी
- रिजर्वेशन वाले यात्रियों की सीट पर दूसरे का कब्जा नहीं होगा
- जिसके पास टिकट होगा, उन्हीं को प्लेटफॉर्म पर एंट्री मिलेगी
तोड़े जायेंगे टिकट काउंटर
जानकारी के मुताबिक, पटना जंक्शन का टिकट तोड़ कर दो नये भवन बनाए जायेंगे. ये दोनों भवन नये फुट ओवरब्रिज के पास बनेंगे. एक नया भवन वर्तमान पार्सल के पास, तो दूसरा नयी पार्किंग के पास बनेगा. अब महावीर मंदिर से लेकर नयी पार्किंग तक लंबा एरिया पटना जंक्शन को मिलने जा रहा है. आरएमएस के पास स्थित विद्युत केंद्र भी वहां से हटेगा. दोनों भवनों को सब-वे के माध्यम से मल्टी मॉडल हब से जोड़ दिया जायेगा.
कब शुरू होगा नई व्यवस्था पर काम?
दानापुर मंडल के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने बताया, पटना जंक्शन, दानापुर समेत प्रमुख स्टेशनों का नये सिरे से विकास किया जा रहा है, जहां हावड़ा की तरह कैब रोड और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के एंट्री-एग्जिट का सिस्टम विकसित होगा.
उन्होंने यह भी बताया कि हर प्लेटफॉर्म पर आने-जाने के लिए अलग-अलग इंट्री गेट होंगे. वेटिंग हॉल से निकलने के बाद यात्री अपने प्लेटफॉर्म पर जा सकेंगे. दानापुर मंडल की ओर से इस नयी योजना का मास्टर प्लान तैयार कर लिया गया है, जिसे जोन को भेजा जायेगा. मुहर लगने के बाद इस नयी व्यवस्था पर काम शुरू हो जायेगा.
Also Read: 15 जून तक पूरे बिहार में छाएगा मॉनसून, आज भी तेज आंधी-बारिश का डबल अलर्ट, IMD की एडवाइजरी जारी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए