ePaper

आर्थिक सुस्ती गहराने से सेंसेक्स 770 अंक टूटा, निफ्टी में 225 अंक की गिरावट

Updated at : 03 Sep 2019 5:10 PM (IST)
विज्ञापन
आर्थिक सुस्ती गहराने से सेंसेक्स 770 अंक टूटा, निफ्टी में 225 अंक की गिरावट

मुंबई : आर्थिक क्षेत्र में सुस्ती गहराने और वैश्विक स्तर पर व्यापार युद्ध बढ़ने को लेकर आशंकित निवेशकों ने मंगलवार को जमकर बिकवाली की. इससे बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 770 अंक नीचे आ गया. निफ्टी भी 225 अंक टूटकर बंद हुआ. पिछले दिनों सकल घरेलू उत्पाद, बुनियादी उद्योगों और वाहन बिक्री के आंकड़े आये […]

विज्ञापन

मुंबई : आर्थिक क्षेत्र में सुस्ती गहराने और वैश्विक स्तर पर व्यापार युद्ध बढ़ने को लेकर आशंकित निवेशकों ने मंगलवार को जमकर बिकवाली की. इससे बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 770 अंक नीचे आ गया. निफ्टी भी 225 अंक टूटकर बंद हुआ. पिछले दिनों सकल घरेलू उत्पाद, बुनियादी उद्योगों और वाहन बिक्री के आंकड़े आये हैं. ये सभी आंकड़े इस ओर इशारा कर रहे हैं कि देश में आर्थिक सुस्ती गहरा रही है.

इसे भी देखें : मुख्य आर्थिक सलाहकार ने कहा, ग्लोबल और घरेलू कारणों से आर्थिक वृद्धि में छायी है सुस्ती

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स कारोबार के दौरान 867 अंक तक नीचे आने के बाद अंत में 769.88 अंक यानी 2.06 फीसदी के नुकसान से 36,562.91 अंक पर बंद हुआ. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 225.35 अंक या 2.04 फीसदी के नुकसान से 10,797.90 अंक रह गया. सेंसेक्स की कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, वेदांता, एचडीएफसी, इंडसइंड बैंक, टाटा मोटर्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज और ओएनजीसी के शेयर 4.45 फीसदी तक गिर गये.

रुपये में गिरावट के बीच दो आईटी कंपनियों टेकएम और एचसीएल टेक के शेयर मामूली लाभ के साथ बंद हुए. अंतर बैंक विदेशी विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 90 पैसे के नुकसान से 72.27 रुपये प्रति डॉलर पर चल रहा था. सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के 10 बैंकों के विलय की घोषणा की है. इससे सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के शेयर भी टूट गये.

विशेषज्ञों का कहना है कि इस कदम से निवेशकों में यह संदेश गया है कि सरकार न केवल बैंकों में नयी पूंजी डाल रही है, बल्कि वह उनके कामकाज संचालन में भी सुधार चाहती है, लेकिन फिर भी बैंकों का यह विलय बैंकों की भौगोलिक उपस्थिति और सांस्कृतिक विविधता को देखते हुए परेशान करन वाला लगता है.

हालांकि, सरकार ने अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए कई कदम उठाये हैं, लेकिन कमजोर वृहद आर्थिक आंकड़ों तथा अगस्त महीने में वाहन कंपनियों की बिक्री में 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट से बाजार की धारणा प्रभावित हुई है. चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के जीडीपी वृद्धि के आंकड़े बीते शुक्रवार शेयर बाजार में कारोबार बंद होने के बाद जारी हुए.

पहली तिमाही में जीडीपी वृद्धि पांच फीसदी रही, जो पिछले छह साल में सबसे कम रही है. विनिर्माण और कृषि क्षेत्र के कमजोर प्रदर्शन को इसकी प्रमुख वजह बताया गया. इसके साथ ही, आठ बुनियादी क्षेत्र के उद्योगों की वृद्धि दर जुलाई में घटकर 2.1 फीसदी रह गयी. इसका भी कारोबारी धारणा पर असर रहा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola