Bihar Election 2025: चाचा 'नीतीश' पर चिराग की हां, लेकिन बहनोई 'अरुण' को बनाएंगे डिप्टी सीएम!
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 10 Sep 2025 5:48 PM
चिराग पासवान, नीतीश कुमार और अरुण भारती की फाइल फोटो
Bihar Election 2025: बिहार चुनावी समर में एनडीए के भीतर भी समीकरण बदलते दिख रहे हैं. चिराग पासवान अपने सांसद बहनोई अरुण भारती को सिकंदरा सीट से उतारकर उन्हें डिप्टी सीएम की दौड़ में लाने की तैयारी कर रहे हैं.
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले एनडीए के भीतर सीट बंटवारे और दावेदारी की सियासत ने नया मोड़ ले लिया है. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अब अपने सांसद बहनोई अरुण भारती को जमुई जिले की सिकंदरा (एससी आरक्षित) सीट से चुनाव मैदान में उतार सकते हैं. सूत्र बताते हैं कि सरकार बनने पर डिप्टी सीएम पद के लिए एलजेपी-आर की ओर से अरुण का नाम बढ़ाया जा सकता है.
सिकंदरा से प्रफुल्ल मांझी हैं विधायक
सिकंदरा सीट इस वक्त हिन्दुस्तान आवामी मोर्चा (हम) के विधायक प्रफुल्ल मांझी के पास है, जो तीन बार BPSC मेंस और एक बार UPSC प्री पास करने वाले साधारण परिवार से आने वाले नेता हैं. प्रफुल्ल, जीतनराम मांझी के करीबी माने जाते हैं. ऐसे में अगर अरुण भारती उतरते हैं, तो यह सीट सीधे चिराग बनाम मांझी खेमे की साख की लड़ाई बन जाएगी.
चिराग का संदेश : “सीएम नीतीश, डिप्टी सीएम लोजपा से”
चिराग पासवान ने कुछ महीने पहले साफ कर दिया था कि 2025 में एनडीए की सरकार बनी तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही होंगे. लेकिन उप-मुख्यमंत्री पद पर उन्होंने खुला दांव चल दिया है. उनका कहना है कि “लोजपा-आर का कोई अनुभवी कार्यकर्ता इस पद को सुशोभित करेगा.” पार्टी हलकों में यह बयान अरुण भारती की पोजिशनिंग के तौर पर देखा जा रहा है.
चकाई सीट पर भी नज़र
सूत्र बताते हैं कि एलजेपी-आर की डिमांड लिस्ट में सिकंदरा के साथ चकाई विधानसभा सीट भी शामिल है. इस समय चकाई से निर्दलीय विधायक सुमित सिंह हैं, जो नीतीश कुमार की सरकार में मंत्री और जेडीयू के करीबी माने जाते हैं. दिलचस्प यह है कि सुमित का अतीत भी लोजपा से जुड़ा रहा है. 2010 में वे झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) से विधायक बने थे, फिर 2015 में हार गए, लेकिन 2020 में निर्दलीय जीत हासिल कर सबको चौंका दिया.
एनडीए में जटिल समीकरण
एनडीए में सीट बंटवारे की मुख्य बातचीत बीजेपी और जेडीयू के बीच हो रही है. चिराग पासवान, जीतनराम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टियां अलग-अलग सीटों की मांग पर अड़ी हैं. हालांकि, इससे पहले ही नीतीश कुमार अपनी सभाओं में उम्मीदवारों के नाम घोषित करने लगे हैं. हाल ही में बक्सर के राजपुर से उन्होंने संतोष निराला को जेडीयू प्रत्याशी घोषित कर दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










