Bihar Politics: 'दलितों के नहीं, सबके नेता बनो...' चिराग पर भड़के जीतनराम मांझी, समझदारी की कमी बताई
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 01 Jul 2025 1:38 PM
जीतनराम मांझी और चिराग की फाइल फोटो
Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए के भीतर दलित नेतृत्व को लेकर सियासी तनातनी तेज हो गई है. लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान के खुद को दलितों का हितैषी बताने पर 'हम' अध्यक्ष जीतनराम मांझी ने पलटवार करते हुए उनकी समझदारी पर सवाल उठा दिए हैं.
Bihar Politics: बिहार में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, एनडीए के अंदर सियासी खींचतान भी तेज़ होती जा रही है. खासकर एनडीए के दो दलित चेहरे- केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान और हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष तथा केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के बीच सियासी तल्खी अब खुलकर सामने आने लगी है.
चिराग पासवान ने खुद को बताया दलितों का सबसे बड़ा हितैषी
हाल ही में नालंदा जिले के राजगीर में आयोजित बहुजन भीम संकल्प समागम में चिराग पासवान ने खुद को दलितों का सबसे बड़ा हितैषी बताते हुए विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि विपक्ष आरक्षण और संविधान को लेकर अनुसूचित जाति, जनजाति और अल्पसंख्यकों को डराने की कोशिश कर रहा है, लेकिन जब तक वे केंद्र में हैं, तब तक आरक्षण और संविधान को कोई खतरा नहीं है. साथ ही चिराग ने “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” का नारा दोहराते हुए खुद को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर और अपने पिता रामविलास पासवान के आदर्शों का सच्चा अनुयायी बताया.
जीतनराम मांझी ने चिराग पर किया कटाक्ष
चिराग की इन बातों पर एनडीए के ही वरिष्ठ नेता जीतनराम मांझी ने तीखी प्रतिक्रिया दी. पटना में पत्रकारों से बातचीत में मांझी ने चिराग पर कटाक्ष करते हुए कहा कि, “कोई अगर यह कहता है कि वह केवल दलितों के लिए काम करेगा तो यह समझदारी की कमी को दर्शाता है. जो नेता राजनीति में आता है, उसे सिर्फ एक समाज नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए काम करना चाहिए.”
मांझी ने आगे कहा कि राजनीति में अनुभव अहम होता है और किसी एक जाति या वर्ग को केंद्र में रखकर राजनीति करना एकांगी सोच का परिचायक है. साथ ही उन्होंने चिराग के चुनावी दावे पर भी व्यंग्य करते हुए कहा कि “बिहार में तो सभी लोग चुनाव लड़ते हैं, इसमें नया क्या है?”
एनडीए के भीतर अपनी अहमियत जताना चाह रहे मांझी
बिहार की राजनीति में यह बयानबाजी सिर्फ शब्दों का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि उस सियासी जमीन की लड़ाई का संकेत है, जिस पर दलित मतों का बड़ा प्रभाव है. चिराग पासवान जहां अपनी पार्टी को एक नई पहचान देने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं मांझी अनुभव और समावेशी राजनीति की दुहाई देकर एनडीए के भीतर अपनी अहमियत जताना चाह रहे हैं.
Also Read: बिहार से बाहर रह रहे हैं तो तुरंत कर लें ये काम, नहीं तो वोटर लिस्ट से कट जाएगा नाम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










