'अपराधियों के आगे नतमस्तक है प्रशासन...', चिराग पासवान बोले- मेरा बिहार जलता रहे और मैं चुप रहूं...

Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 26 Jul 2025 4:18 PM

विज्ञापन

चिराग पासवान की फाइल फोटो

Bihar Politics: बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि राज्य में हत्या, लूट, अपहरण और रेप की घटनाएं थम नहीं रही हैं और प्रशासन अपराधियों के सामने पूरी तरह नतमस्तक हो चुका है.

विज्ञापन

Bihar Politics: बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर बिहार सरकार को कठघरे में खड़ा किया है. उन्होंने साफ कहा कि बिहार में हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं और प्रशासन अपराधियों के सामने नतमस्तक हो चुका है.

एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में चिराग पासवान ने कहा, “एक के बाद एक जिस तरह से आपराधिक घटनाओं की श्रृंखला बन गई है, उससे साफ है कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है. ऐसा लग रहा है मानो राज्य में कोई सरकार है ही नहीं. प्रशासन अपराधियों के आगे लाचार है और जनता असुरक्षित महसूस कर रही है.”

चुनाव से पहले बढ़ी घटनाएं, प्रशासन बना तमाशबीन

बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर चिराग ने चुनावी साजिश की आशंका जताई, लेकिन इसके लिए भी सीधे तौर पर राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा, “मैं मानता हूं कि चुनाव की वजह से इन घटनाओं में इजाफा हुआ है, लेकिन क्या प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं होनी चाहिए? क्या ऐसे वक्त पर सतर्कता नहीं बरतनी चाहिए? प्रशासन पूरी तरह निकम्मा हो गया है. बिहार और बिहारियों की सुरक्षा इनसे नहीं हो पा रही है.”

SIR और चुनाव बहिष्कार पर विपक्ष को दी खुली चुनौती

SIR (Special Investigation Rights) को लेकर विपक्षी दलों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम पर भी चिराग ने दो टूक जवाब दिया. उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव जैसे नेता चुनाव बहिष्कार की बात कर रहे हैं, तो मैं कहता हूं अगर उनमें हिम्मत है तो करके दिखाएं. ये वही लोग हैं जो अकेले चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं रखते. लोकसभा चुनाव के दौरान इन्होंने आरक्षण खत्म होने, संविधान बदलने जैसी बातें की थीं, क्या वैसा हुआ?”

उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह बार-बार जनता को डराने की राजनीति करता है. “CAA के समय भी यही डर फैलाया गया था. अब SIR के नाम पर भ्रम फैला रहे हैं. लेकिन जनता समझ चुकी है कि इनके पास न नीतियां हैं, न नेतृत्व.”

“मेरे बिहार में कुछ गलत हो और मैं चुप रहूं, ऐसा नहीं हो सकता”

जब चिराग से पूछा गया कि वे अपनी ही सरकार पर सवाल क्यों उठा रहे हैं, तो उन्होंने बेबाकी से जवाब देते हुए कहा, “कानून व्यवस्था राज्य सरकार का विषय है. केंद्र सरकार में मंत्री होने के बावजूद अगर मेरे बिहार में कुछ गलत हो रहा है और मैं चुप रहूं, तो यह मेरे जमीर के खिलाफ होगा.”

उन्होंने कहा कि “किसी भी हाल में जनता की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता. अगर राज्य सरकार अपराधियों पर नकेल कसने में विफल हो रही है, तो सवाल तो उठेंगे ही. राज्य में चुनाव के चलते अपराध बढ़े हैं, लेकिन उसे नियंत्रित करना पूरी तरह से राज्य सरकार की जिम्मेदारी है.”

नीतीश सरकार पर चिराग की सीधी चोट

यह पहला मौका नहीं है जब चिराग पासवान ने नीतीश सरकार को निशाने पर लिया हो, लेकिन इस बार उन्होंने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर खुलकर हमला बोला है. जहां एक ओर वो केंद्र में मोदी कैबिनेट का हिस्सा हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य में एनडीए की सरकार पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं.

इससे स्पष्ट है कि चिराग पासवान अब खुद को केवल सहयोगी दल के नेता के रूप में नहीं, बल्कि जनता के प्रतिनिधि के तौर पर स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं. जो न सिर्फ सत्ता की भागीदारी चाहता है, बल्कि जिम्मेदारी भी निभाना जानता है.

Also Read: नीतीश से मनमुटाव से लेकर मोदी कैबिनेट तक, पढ़िए जीतन राम मांझी की पार्टी ‘हम’ का सियासी सफर

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन