Bihar Election 2025: पटना में 5 सितंबर को उपेंद्र कुशवाहा की बड़ी रैली, जानिए किस मुद्दे पर मिलर ग्राउंड में जुटेंगे लोग
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 03 Sep 2025 5:57 PM
उपेंद्र कुशवाहा की फाइल फोटो
Bihar Election 2025: राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने 5 सितंबर को पटना के मिलर ग्राउंड में होने वाली बड़ी रैली का ऐलान किया है. यह रैली संवैधानिक अधिकार और परिसीमन सुधार के मुद्दे पर केंद्रित होगी.
Bihar Election 2025: राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने बुधवार को ऐलान किया कि उनकी पार्टी आगामी 5 सितंबर को पटना के मिलर ग्राउंड में एक बड़ी रैली आयोजित करेगी. यह रैली पूरी तरह से संवैधानिक अधिकार और परिसीमन सुधार को समर्पित होगी.
कुशवाहा ने बताया कि उनकी पार्टी लगातार परिसीमन के मुद्दे पर आंदोलन कर रही है. बिक्रमगंज, मुजफ्फरपुर और गया में सफल रैलियों के बाद अब पटना में राज्यस्तरीय रैली की तैयारी पूरी हो चुकी है. उन्होंने कहा कि 5 सितंबर का दिन ऐतिहासिक है, क्योंकि यह जगदेव प्रसाद का शहादत दिवस और शिक्षक दिवस दोनों है. इसी दिन मिलर स्कूल ग्राउंड में ऐसी रैली होगी, जो अब तक के आयोजनों से अलग और बड़ी होगी.
विपक्ष पर वार, कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार
कुशवाहा ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी और महागठबंधन की यात्राएं सिर्फ हंगामा खड़ा करने के लिए थीं, उनमें जनता की समस्याओं का कोई समाधान नहीं था. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा मुद्दों पर आधारित राजनीति करता है और जनता को वास्तविक समाधान देने में विश्वास रखता है.
उन्होंने परिसीमन लागू न होने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया. कुशवाहा ने कहा कि अगर समय पर परिसीमन हुआ होता तो आज बिहार की लोकसभा सीटों की संख्या 40 के बजाय 60 होती. संविधान के मुताबिक हर 10 साल में जनगणना और परिसीमन होना चाहिए, लेकिन पिछले 50 साल से बिहार इससे वंचित है.
चुनाव नहीं, जनहित का मुद्दा
कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि यह रैली चुनावी उद्देश्य से नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दे को केंद्र में रखकर आयोजित की जा रही है. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मांग को सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इसे देशव्यापी अभियान का रूप देगी. उन्होंने विश्वास जताया कि पटना की यह रैली ऐतिहासिक होगी और इससे पूरे देश में परिसीमन पर गंभीर बहस शुरू होगी.
Also Read: Bihar News: 10 हजार रुपये वाली महिला रोजगार योजना के लिए कैसे करें आवेदन? जानें पूरी प्रक्रिया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










