Congress Candidates First List: कांग्रेस ने देर रात जारी की 48 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, कुटुंबा से लड़ेंगे राजेश राम
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 17 Oct 2025 7:47 AM
राजेश राम के साथ कृष्णा अल्लावरु
Congress Candidates First List: बिहार चुनाव 2025 के लिए कांग्रेस ने गुरुवार देर रात अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी कर दी. 48 नामों वाली इस लिस्ट में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, वरिष्ठ नेता शकील अहमद और 5 महिला उम्मीदवारों को जगह दी गई है. पार्टी ने 11 सिटिंग विधायकों पर दोबारा भरोसा जताया है.
Congress Candidates First List: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर कांग्रेस ने आखिरकार अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है. गुरुवार देर रात 11 बजे के बाद जारी की गई इस सूची में कुल 48 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं. पार्टी ने इस बार पुराने और नए चेहरों का संतुलन साधने की कोशिश की है.
पहली लिस्ट में कुल 5 महिलाओं को मिली जगह
बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम कुटुंबा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. जबकि वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शकील अहमद को कदवा से उम्मीदवार बनाया गया है. राजापाकर सीट से प्रतिमा दास को एक बार फिर टिकट दिया गया है. इस लिस्ट में कुल 5 महिलाएं और 4 मुस्लिम उम्मीदवारों को जगह दी गई है.
महिला उम्मीदवारों में सोनबरसा से सरिता देवी, बेगूसराय से अमिता भूषण, हिसुआ से नीतू कुमारी, कोढ़ा से पूनम पासवान और राजापाकर से प्रतिमा कुमारी शामिल हैं.
11 विधायकों पर कांग्रेस ने जताया भरोसा
कांग्रेस ने अपने 11 सिटिंग विधायकों पर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा टिकट दिया है. इनमें भागलपुर, मनिहारी, मुज़फ्फरपुर, राजापुर, बक्सर, राजपुर, कुटुंबा, करगहर, हिसुआ और औरंगाबाद जैसी सीटें शामिल हैं. हालांकि खगड़िया से सिटिंग विधायक छत्रपति यादव का टिकट काटकर चंदन यादव को मौका दिया गया है. चंदन पिछली बार बेलदौर से चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए थे.
पिछली बार कांग्रेस ने 70 सीटों पर लड़ा था चुनाव
पार्टी सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस इस बार सीट चयन में पूरी सावधानी बरत रही है, ताकि 2020 की तरह निराशाजनक प्रदर्शन दोहराया न जाए. पिछली बार कांग्रेस ने 70 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सिर्फ 19 सीटों पर जीत दर्ज कर सकी थी. इस बार हर सीट के जातीय-सामाजिक समीकरण और पिछले नतीजों का गहन विश्लेषण किया गया है. पार्टी चाहती है कि गठबंधन की हर सीट पर मजबूत उम्मीदवार उतारे जाएं.
नाराज कार्यकर्ताओं ने पटना एयरपोर्ट पर किया था हंगामा
हालांकि, टिकट बंटवारे के बाद कांग्रेस में भीतरी असंतोष भी खुलकर सामने आया है. बुधवार को दिल्ली से पटना लौटे प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और शकील अहमद को एयरपोर्ट पर ही नाराज कार्यकर्ताओं ने घेर लिया. सूत्रों के अनुसार, यह विवाद बिक्रम विधानसभा सीट को लेकर हुआ, जहां डॉ. अशोक आनंद टिकट की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन पार्टी ने टिकट अनिल शर्मा को दे दिया. डॉ. आनंद के समर्थकों ने न केवल हंगामा किया, बल्कि कांग्रेस नेताओं पर 5 करोड़ में टिकट बेचने का आरोप भी लगाया.
ये भी पढ़े: RJD Candidates List: सामने आई राजद की पूरी लिस्ट, राघोपुर से लड़ेंगे तेजस्वी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










