बेतिया: भुगतान नहीं तो आंदोलन तय, आशा कार्यकर्ताओं ने काला बिल्ला से लेकर विधानसभा घेराव तक का किया ऐलान
आशा कार्यकर्ताओं की बैठक
Bettiah Asha workers protest : बिहार में बकाया प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं होने से नाराज आशा कार्यकर्ताओं ने 25 जून से चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है.इसके तहत वे पोलियो अभियान में काला बिल्ला लगाएंगी और अगस्त में पटना में विधानसभा का घेराव करेंगी. जानिए पूरी खबर…
बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट
Bettiah Asha workers protest: बिहार राज्य आशा संघ एटक की बैठक बलिराम भवन के सभागार में साधना देवी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई.महीनों से आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं होने के कारण उनमें भयंकर असंतोष व्याप्त है.भुगतान के लिए आवंटित राशि आ जाने के बाद भी पीएचसी के लेखापाल,बीसीएम और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की मनमानी के कारण यह राशि रुकी हुई है.इसके विरोध में आशा कार्यकर्ताओं ने अब सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का मोर्चा खोल दिया है.
काला बिल्ला लगाने से लेकर विधानसभा घेराव तक का ऐलान
आशा संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ओम प्रकाश क्रांति ने बताया कि अगस्त 2025 से लेकर अब तक की प्रोत्साहन राशि बकाया है.विभाग इस महंगाई में आशा कार्यकर्ताओं से काम तो पूरा ले रहा है लेकिन भुगतान के नाम पर अधिकारी टालमटोल कर रहे हैं.इसके खिलाफ 25 जून को सभी पीएचसी प्रभारियों को स्वास्थ्य मंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा जाएगा.इसके बाद 28 जून से शुरू होने वाले पोलियो अभियान के दौरान सभी आशा कार्यकर्ता काला बिल्ला लगाकर कार्य करेंगी.जुलाई के प्रथम सप्ताह में जिला पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन होगा और 18 अगस्त को पटना में विधानसभा का घेराव किया जाएगा.
मानदेय बढ़ाने और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों पर भुगतान के बदले खुलेआम रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है.संघ ने मांग की है कि सभी प्रकार के बकाये का अविलंब भुगतान हो,सेवानिवृत्ति की उम्र 60 से बढ़ाकर 65 वर्ष की जाए,अवैध बहाली की जांच हो,सेवा स्थायी कर 26 हजार रुपये मानदेय दिया जाए और अवैध वसूली पर तुरंत रोक लगाई जाए.यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो स्वास्थ्य सेवाएं ठप कर राज्यव्यापी हड़ताल की जाएगी.बैठक में चनपटिया,योगापट्टी,नौतन,बैरिया,नरकटियागंज,मझौलिया,लौरिया,गौनाहा और बगहा पीएचसी की सैकड़ों आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










