पीएलए का आदेश! चीन में बंद हुए ड्रोन शो, बढ़ी लो-एल्टीट्यूड उड़ानों की निगरानी, अचानक क्यों लगी रोक?
चीन में होने वाले ड्रोन शो का एक दृश्य. फोटो- स्क्रीनग्रैब.
चीन में एक छोटे प्रशिक्षण विमान के हादसे के बाद देश भर में कम ऊंचाई पर होने वाली हवाई गतिविधियों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है. इसके चलते कई पर्यटन स्थलों पर होने वाले ड्रोन शो को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है.
चीन में एक छोटे प्रशिक्षण विमान के हादसे के बाद कम ऊंचाई पर होने वाली हवाई गतिविधियों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है. देश के कई हिस्सों में पर्यटन स्थलों पर होने वाले ड्रोन शो को अस्थायी रूप से रद्द किया गया है. अधिकारियों के इस कदम से चीन की तेजी से विकसित हो रही ‘लो-एल्टीट्यूड इकोनॉमी’ पर भी असर पड़ने की आशंका है, जिसमें ड्रोन आधारित सेवाओं और हवाई गतिविधियों को अहम भूमिका दी जा रही है.
11 प्रांतों और क्षेत्रों में ड्रोन शो रद्द
हांगकांग के अखबार साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के कम से कम 11 प्रांतों और क्षेत्रों में पर्यटन स्थलों तथा कार्यक्रम आयोजकों ने शुक्रवार से प्रस्तावित ड्रोन प्रदर्शन रद्द करने की घोषणा की है. इन क्षेत्रों में इनर मंगोलिया, गांसू, शानदोंग, ग्वांगडोंग और हैनान समेत कई इलाके शामिल हैं.
इन आयोजनों में बड़ी संख्या में ड्रोन को एक साथ आसमान में उड़ाकर विभिन्न आकृतियां, तस्वीरें और संदेश प्रदर्शित किए जाते हैं. चीन में ऐसे ड्रोन शो पर्यटन और बड़े सार्वजनिक आयोजनों का लोकप्रिय हिस्सा बन चुके हैं.
जून में हुआ था गंभीर विमान हादसा
ड्रोन शो पर कार्रवाई की वजह जून में बीजिंग में हुआ एक विमान हादसा माना जा रहा है. एक छोटा प्रशिक्षण विमान बीजिंग के व्यावसायिक इलाके में एक ऊंची इमारत से टकरा गया था. हादसे में विमान के पायलट की मौत हो गई थी, जबकि 13 लोग घायल हुए थे.
खास बात यह थी कि विमान कम ऊंचाई वाली उड़ानों पर लागू प्रतिबंधों के बावजूद बीजिंग के मुख्य शहरी क्षेत्र में प्रवेश कर गया था. इस घटना ने छोटे विमानों और ड्रोन जैसी कम ऊंचाई पर संचालित होने वाली हवाई गतिविधियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.
चीन में होने वाले ड्रोन शो को काफी पसंद किया जाता है. 2025 के न्यू ईयर सेलीब्रेशन के दौरान कुछ इस तरह इसे दर्शाया गया था. देखें वीडियो-
चीनी नेतृत्व के सुरक्षित परिसर के करीब हुआ था हादसा
हादसे की संवेदनशीलता इसलिए भी बढ़ गई क्योंकि दुर्घटना का स्थान झोंगनानहाई के अपेक्षाकृत नजदीक था. झोंगनानहाई चीन के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व का अत्यधिक सुरक्षित सरकारी परिसर है, जहां राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत देश के शीर्ष नेता काम करते हैं.
हालांकि, इस दुर्घटना के वास्तविक कारणों और जांच की प्रगति से जुड़ी विस्तृत जानकारी चीनी अधिकारियों ने अब तक सार्वजनिक नहीं की है.
पीएलए के आदेश का भी सामने आया दावा
पिछले सप्ताह इंटरनेट पर एक कथित आंतरिक दस्तावेज भी सामने आया. रिपोर्ट के अनुसार, एक ड्रोन कंपनी की ओर से जारी बताए जा रहे इस दस्तावेज में कहा गया है कि उसे पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के सदर्न थिएटर कमांड की ओर से ड्रोन उड़ानों को रोकने का निर्देश मिला है.
दस्तावेज में दावा किया गया है कि सदर्न थिएटर कमांड के अधिकार क्षेत्र में आने वाले छह प्रांतों में शुक्रवार से ड्रोन उड़ानों पर रोक लागू होगी. हालांकि, प्रतिबंध कितने समय तक जारी रहेगा, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी इसमें नहीं दी गई है.
ये भी पढ़ें:- हॉर्मुज में बदलेगा जहाजों का रूट, ईरान बोला- सर्विस के लिए चुकाना होगा चार्ज
चीन की ‘लो-एल्टीट्यूड इकोनॉमी’ के लिए बड़ा झटका?
ड्रोन उड़ानों पर बढ़ती पाबंदियां ऐसे समय में सामने आई हैं, जब चीन कम ऊंचाई पर आधारित गतिविधियों को भविष्य की अर्थव्यवस्था के एक महत्वपूर्ण क्षेत्र के तौर पर विकसित करने पर जोर दे रहा है. चीन में इसे ‘लो-एल्टीट्यूड इकोनॉमी’ कहा जाता है. इसमें जमीन से करीब एक किलोमीटर यानी लगभग 3,280 फीट तक की ऊंचाई पर होने वाली अलग-अलग तरह की कमर्शियल और टेक्निकल गतिविधियां शामिल हैं.
ड्रोन का इस्तेमाल कई क्षेत्रों में व्यापक
चीन में ड्रोन केवल मनोरंजन या लाइट शो तक सीमित नहीं हैं. इनका इस्तेमाल खाना पहुंचाने, इंडस्ट्रियल कांप्लेक्स की निगरानी, कृषि में कीटनाशक छिड़काव, हवाई फोटोग्राफी और इंटरटेनमेंट बेस्ड ड्रोन शो, हवाई तस्वीरें लेने और विभिन्न विनिर्माण गतिविधियों में भी किया जाता है.
ऐसे में सुरक्षा कारणों से ड्रोन संचालन पर व्यापक प्रतिबंध लगाए जाने से इस उभरते क्षेत्र की कंपनियों और सेवाओं पर असर पड़ सकता है.
बड़े शहरों में पहले से सख्त हैं नियम
चीन में नागरिक ड्रोन उड़ानों को लेकर नियम पहले से ही लगातार कड़े किए जा रहे हैं. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, देश के 15 से अधिक प्रमुख शहरों ने अपने केंद्रीय इलाकों में नागरिक ड्रोन उड़ानों पर पूरी तरह रोक लगा रखी है.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कुछ शहरों में इस तरह के प्रतिबंध किसी औपचारिक नीति घोषणा के बिना भी लागू किए गए हैं. बीजिंग विमान हादसे के बाद पर्यटन स्थलों पर ड्रोन शो रद्द किए जाने को इसी बढ़ती सुरक्षा सख्ती की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है.
ये भी पढ़ें:- यूक्रेन को परमाणु हमले का खतरा! पुतिन का प्लान, 5 लाख लड़ाकों की लामबंदी की तैयारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










