हौसले के आगे हारा 'सिस्टम', गुमला में ग्रामीणों ने खुद बनाई 1 किलोमीटर लंबी सड़क

Published by : Sameer Oraon Updated At : 09 May 2026 9:01 PM

विज्ञापन

सामूहिक प्रयास से सड़क निर्माण करते ग्रामीण

Gumla News: गुमला जिले के जारी प्रखंड स्थित लाहटोली गांव के ग्रामीणों ने शनिवार को स्वयं श्रमदान कर एक किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क की मरम्मत की. जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उपेक्षा से नाराज ग्रामीणों ने कुदाल-फावड़े के साथ सामूहिक रूप से कार्य किया. ग्रामीणों ने आगामी चुनाव में वोट बहिष्कार और उग्र आंदोलन की चेतावनी देते हुए जल्द सड़क व पुल निर्माण की मांग की है.

विज्ञापन

गुमला, (जयकरण महतो): “सरकार और सिस्टम सो गया है, इसलिए हमें जागना पड़ा” इसी संकल्प के साथ गुमला जिले के जारी प्रखंड अंतर्गत सिकरी पंचायत के लाहटोली गांव में शनिवार को एक नई इबारत लिखी गई. वर्षों से जर्जर और कीचड़मय सड़क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों ने किसी सरकारी मदद का इंतजार करने के बजाय स्वयं श्रमदान के माध्यम से लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क को चलने योग्य बना दिया.

जनप्रतिनिधियों की बेरुखी पर फूटा ग्रामीणों का आक्रोश

श्रमदान में जुटे अब्राहम एक्का, सुनील टोप्पो और बसील कुजूर सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय मुखिया से लेकर विधायक तक कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला. ग्रामीणों ने तीखे शब्दों में कहा कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने तो आते हैं, लेकिन जीत के बाद वे गांव की सुध लेना भी भूल जाते हैं. इसी उपेक्षा के कारण गांव की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब वे किसी के भरोसे नहीं रहेंगे.

Also Read: बंद अभ्रक खदान में चल रहा था अवैध खनन, वन विभाग ने की बड़ी कार्रवाई

10 हजार की आबादी और स्कूली बच्चों का भविष्य संकट में

इस महत्वपूर्ण सड़क से लाहटोली, रिंगनीटोली, पाकरटोली, खूंटीटोली, आंवराटोली, बिरकेरा और चिरोडीह जैसे दर्जनों गांवों की लगभग दस हजार की आबादी जुड़ी हुई है. इसी मार्ग से होकर स्कूली बच्चे जारी, भिखमपुर और चैनपुर तक पढ़ाई के लिए साइकिल से जाते हैं. ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे बच्चों का स्कूल जाना दूभर हो जाता है. इसके अलावा, रास्ते में पड़ने वाली एक छोटी नदी पर पुल न होने से बारिश के दिनों में प्रखंड मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट जाता है.

वोट बहिष्कार और आंदोलन की दी चेतावनी

हाथों में कुदाल और फावड़े लेकर सड़क सुधारने निकले सैकड़ों महिला-पुरुषों ने प्रशासन को सख्त अल्टीमेटम दिया है. ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही सड़क और पुल का विधिवत निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन को विवश होंगे. साथ ही, उन्होंने आगामी चुनावों में ‘वोट बहिष्कार’ करने का सामूहिक निर्णय लिया है.

इन ग्रामीणों ने दिया श्रमदान

इस गौरवपूर्ण कार्य में नोवेल लकड़ा, एब्रेतियुस मिंज, फाबियानुस टोप्पो, प्रतिमा लकड़ा, जयमनी मिंज, एमेल्दा खेस, आशा मिंज सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. ग्रामीणों का यह सामूहिक प्रयास जिले भर में चर्चा का विषय बना हुआ है.

Also Read: प्रभात खबर की खबर का असर, जर्जर सड़क और जलजमाव पर प्रशासन सक्रिय

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola