जीवन में कम से कम एक पौधे अवश्य लगायें : राजीव सिन्हा

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 05 Jun 2026 10:43 PM

विज्ञापन

पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन को लेकर जनजागरूकता अभियान चला

विज्ञापन

सिमडेगा. विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण व संवर्धन को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया गया. मौके पर व्यवहार न्यायालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गयी, जिसमें न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, पारा लीगल वोलेंटियर व न्यायालय कर्मियों ने भाग लिया. रैली न्यायालय परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजर लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता तथा पौधरोपण के प्रति जागरूक किया. रैली के दौरान प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेशों से लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया. साथ ही बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग व जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों के प्रति लोगों को सचेत किया गया. मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों को याद करने और उन्हें निभाने का संकल्प लेने का दिन है. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरणीय असंतुलन मानवता के लिए चिंता का विषय बन चुका है. लगातार बढ़ रहे प्रदूषण, जंगलों की कटाई व प्राकृतिक संसाधनों के अधिक दोहन से पृथ्वी का संतुलन प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि यदि हम आज पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराना कठिन हो जायेगा. कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधे अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए. पेड़ न केवल हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु संतुलन बनाये रखने और जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने लोगों से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने की अपील की. रैली के बाद न्यायालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. न्यायिक पदाधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगा कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया. कार्यक्रम में एडीजे नरंजन सिंह, सीजेएम निताशा बारला, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम, एसडीजेएम सुम्मी बीना होरो समेत अन्य न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, पारा विधिक स्वयंसेवक व न्यायालय कर्मी उपस्थित थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola