सिलीगुड़ी. भाजपा ने ममता सरकार पर हमला करते हुए कहा है कि बंगाल में सिंडिकेट राज फल-फूल रहा है. भू-माफिया गिरोह के लोग जमीन पर जबरन दखल कर रहे हैं. तणमूल कांग्रेस (तृकां) पर यह सीधा हमला भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंहल ने किया. वह बुधवार को सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब में आयोजित प्रेस-वार्ता के दौरान मीडिया को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने तृकां के नेता-कार्यकर्ताओं पर भू-माफिया के साथ मिले होने का आरोप लगाया. श्री सिंहल ने कहा कि इस गिरोह के लोग नदी, रेलवे की खाली जमीन के बाद अब भारत-नेपाल सीमांत स्थित पानीटंकी में एशियन हाइवे से सटे चाय बागान की जमीन पर भी कब्जा कर चुके हैं और जमीन को प्लॉटिंग कर गैर-कानूनी तरीके से बिक्री कर रहे हैं. उन्होंने इस तरह जमीन दखल कर हर किसी को बिक्री करने को लेकर सुरक्षा पर भी सवाल खड़ा किया. श्री सिंहल का कहना है कि सिलीगुड़ी महकमा अंतरराष्ट्रीय सीमा से घिरा हुआ है. एक ओर नेपाल है तो दूसरी ओर बांग्लादेश है. सुरक्षा की दृष्टि से यह इलाका काफी संवेदनशील है. श्री सिंहल का कहना है कि तृकां की सह दक्षिण बंगाल में आतंकी अपना गढ़ बनाये हुए है अब उत्तर बंगाल में भी नजर गड़ाये हुए हैं. उन्होंने कहा कि पानीटंकी चाय बागान की जमीन टी बोर्ड द्वारा आवंटित है. इसलिए जमीन दखल मुक्त कराने के लिए टी बोर्ड, केंद्र सरकार और दार्जिलिंग जिले के जिलाधिकारी (डीएम) से लिखित शिकायत करेंगे. प्रेस-वार्ता के दौरान भाजपा के ट्रेडर्स सेल के राज्य संयोजक संजीव विश्वास , जिला महासचिव अभिजीत राय चौधरी व रजत मुखर्जी भी उपस्थित थे.
मीटिंग में उठेगा मुद्दा : भाजपा के ट्रेडर्स सेल के प्रांतिय संयोजक संजीव विश्वास का कहना है कि केंद्रीय वाणिज्य मंत्री निर्मला सीतारमण इस साल जनवरी महीने में उत्तर बंगाल के चाय बागानों का दौरा करने के बाद हालत सुधारने के लिए चार सदस्यों की ओवरसिन कमेटी गठित की थी. इस कमेटी की पहली मीटिंग कल यानी गुरूवार को दार्जिलिंग में डीएम की अध्यक्षता में आयोजित होगी. इस कमेटी के जनप्रतिनिधि सदस्य के रूप में वह खुद भी शिरकत करेंगे. मीटिंग में ही वह पानीटंकी चाय बागान की जमीन को मुद्दा बनायेंगे और डीएम के सामने इसे जोरदार तरीके से उठायेंगे. श्री विश्वास का कहना है कि बागान दखल कर बिक्री किये जाने का मामला सामने आने के बाद उन्होंने खुद सर्वे किया है और रिपोर्ट भी तैयार है. तैयार रिपोर्ट को कल ही डीएम को सौपेंगे. साथ ही प्रतिलिपि टी बोर्ड को भी देंगे. उन्होंने बताया कि चार सदस्यों की इस कमेटी के चेयरमैन डीएम, एसडीओ व अन्य सदस्यों में टी बोर्ड से एक और एक सदस्य जनप्रतिनिधि के रूप में सांसद हैं सांसद की अनुपस्थिति में इस कमेटी के सदस्य की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गयी है.
भाजपा ने नये 16 मंडल का किया एलान :भाजपा के सिलीगुड़ी जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंहल ने सिलीगुड़ी महकमा क्षेत्र में गठित नये 16 मंडल का आज आधिकारिक रूप से एलान किया. उन्होंने बताया कि सिलीगुड़ी नगर निगम क्षेत्र के सभी 47 वार्ड को मिलाकर आठ मंडल में विभक्त किया गया है. सिलीगुड़ी एक नंबर मंडल में वार्ड नंबर 1-3 और 45-47 है. जिसका दायित्व हरेंद्र यादव को अध्यक्ष के रूप में दिया गया है. सिलीगुड़ी दो नंबर मंडल 4-9 नंबर वार्डों को मिलाकर बनाया गया है. इसका अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह उर्फ गुड्डू को बनाया गया है. सिलीगुड़ी तीन नंबर मंडल 10-17 नंबर वार्डों को मिलाकर गठन किया गया है. इसका अध्यक्ष तरूण गुप्ता को बनाया गया है. सिलीगुड़ी चार नंबर मंडल 18-24 नंबर वार्डों को मिलाकर गठन किया गया है. इसका दायित्व शुभंकर साहा चौधरी को सौंपा गया है. सिलीगुड़ी पांच नंबर मंडल 25-30 नंबर वार्डों को मिलाकर गठन किया गया है. इसका दायित्व किंगसुक सरकार को सौंपा गया है. छह नंबर मंडल 31-35 नंबर वार्डों को मिलाकर बनाया गया है. इसका दायित्व प्रनयन चौधरी को सौंपा गया है. सात नंबर मंडल 36-40 नंबर वार्डों को मिलाकर बनाया गया है. इसका भार श्यामल साह को सौंपा गया है. आठ नंबर मंडल 41-44 नंबर वार्डों को मिलाकर बनाया गया है. इसका भार हनुमान अग्रवाल को दिया गया है. माटीगाड़ा-अठारहखायी मंडल की जिम्मेदारी सुरूप कुमार मंडल को सौंपी गयी है. चंपासारी-पाथरघटा मंडल की जिम्मेदारी तपन राय पर है. बागडोगरा मंडल की जिम्मेदारी गोपाल बर्मन पर है. नक्सलबाड़ी (मनिरामजोत-हाथीघिसा) मंडल की जिम्मेदारी दिलीप बराई को दी गयी है. फांसीदेवा (जलास-निजामतार-चटहाट) मंडल की जिम्मेदारी प्राण गौरंगो देवनाथ पर है. विधाननगर मंडल की जिम्मेदारी नरजीत सरकार पर है. घोषपुकुर (हेतमुरी-सिंघिझोरा) मंडल की जिम्मेदारी श्रवण चिक बराईक पर है. खोरीबाड़ी (बिन्नाबाड़ी, रानीगंज, पानीसाली, बुडागंज) मंडल की जिम्मेदारी उत्तम सिंह पर है.
जिला कमेटी में भी फेर बदल : भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रवीण सिंहल ने बताया कि भाजपा की सिलीगुड़ी जिला कमेटी में भी फेर-बदल किया गया है. जिला सचिव फेकु सहनी को बनाया गया है. वहीं, प्रदेश परिषद सदस्य कमेटी में सुशांत विश्वास को रखा गया है और पार्टी के अनुसूचित जाति मोरचा का अध्यक्ष भवेश राय को बनाया गया है.