डायन होने के संदेह में बड़े भाई को मार डाला
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :24 Sep 2016 12:54 AM (IST)
विज्ञापन

जलपाईगुड़ी. डायन होने के संदेह में बड़े भाई की हत्या करने के आरोप में बहन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बुधवार देर रात बहन चांदमुनी (35) कुछ युवकों को साथ लेकर बड़े भाई राजू मिंज (50) के घर पहुंची और उसे पीट-पीट कर तथा जबरदस्ती नदी में डुबो कर मार डाला. इस घटना को […]
विज्ञापन
जलपाईगुड़ी. डायन होने के संदेह में बड़े भाई की हत्या करने के आरोप में बहन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बुधवार देर रात बहन चांदमुनी (35) कुछ युवकों को साथ लेकर बड़े भाई राजू मिंज (50) के घर पहुंची और उसे पीट-पीट कर तथा जबरदस्ती नदी में डुबो कर मार डाला. इस घटना को लेकर पूरे इलाके में सनसनी है. पुलिस ने गुरुवार को चांदमुनी को गिरफ्तार कर लिया. गुरुवार शाम को मृतक की पत्नी लक्ष्मी मिंज (42) ने चांदमुनी और चार युवकों के खिलाफ नागराकाटा थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया. मृतक राजू मिंज का घर भगतपुर चाय बागान की जहादी लाइन में है.
नागराकाटा थाने की पुलिस जब चांदमुनी को ले जा रही थी, तो उसने कहा कि उसके बड़े भाई राजू मिंज जो कहते थे, वह सच हो जाता था. कुछ दिन पहले उसके एक भाई का बेटा बीमार था. जब उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, तो राजू मिंज ने ऐसा करने से रोकने की कोशिश की. उसने कहा कि अस्पताल ले जाने से कोई फायदा नहीं होगा, लड़के की मौत हो जायेगी. इसके बावजूद उसे अस्पताल ले जाया गया. वह बुखार, सीने में दर्द, सिर दर्द से पीड़ित था. सुलकापाड़ा अस्पताल में बीते सोमवार को लड़के की मौत हो गयी. यहां तक कि लड़के को मिट्टी देने के लिए भी राजू मिंज नहीं गया. चांदमुनी ने कहा, ओझा ने बताया कि राजू एक डायन है. परिवार का एक सदस्य पहले भी राजू को मारने गया था, लेकिन वह बच गया था. राजू के जीवित रहने से परिवार के और लोगों की भी मृत्यु हो सकती थी. इसलिए हमलोग बुधवार को हथियार लेकर राजू के घर पहुंचे. इसके बाद राजू को गाठिया नदी के किनारे ले जाया गया. वहां उसकी पिटाई करने के बाद उसे में नदी में डुबो कर मार डाला गया. चांदमुनी ने यह पूरी कहानी हंसते-हंसते बतायी. चांदमुनी ने साफ कहा कि इस हत्या में बागान के ही चार युवकों ने उसका साथ दिया.
इस बारे में राजू मिंज की पत्नी लक्ष्मी मिंज ने बताया कि पिछले कई दिनों से चांदमुनी उसके परिवार से बार-बार यह कह रही थी कि दादा डायन है और उसे मार डालना होगा. राजू मिंज ने नागराकाटा थाने को इस बारे में मौखिक रूप से बताया भी था. गत बुधवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे चांदमुनी कुछ युवकों के साथ उसके घर पहुंची. वे लोग उसके पति को जबरन अपने साथ ले गये. अगले दिन गुरुवार की सुबह पुलिस ने गाठिया नदी से राजू का शव बरामद किया.
नागराकाटा थाने के ओसी अनिंद्य भट्टाचार्य ने बताया कि किस कारण से राजू मिंज की हत्या की गई, इसकी जांच उसकी पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस कर रही है. चांदमुनी को गिरफ्तार कर लिया गया है. बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है. हालांकि पुलिस राजू मिंज की हत्या के पीछे डायन का मामला होने के बारे में कुछ कहना नहीं चाह रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










