मालदा में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 21 Jul 2016 8:28 AM
विज्ञापन
मालदा: मालदा जिले तथा इंगलिशबाजार शहर में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने प्रयास शुरू किया है. बुधवार को मालदा टाउन हॉल में ‘सेफ ड्राइव सेफ लाइफ’ विषयक कार्यशाला के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था ठीक करने के प्रयासों के बारे में जिला अधीक्षक शरद द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक अर्णव घोष ने जानकारी […]
विज्ञापन
मालदा: मालदा जिले तथा इंगलिशबाजार शहर में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने प्रयास शुरू किया है. बुधवार को मालदा टाउन हॉल में ‘सेफ ड्राइव सेफ लाइफ’ विषयक कार्यशाला के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था ठीक करने के प्रयासों के बारे में जिला अधीक्षक शरद द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक अर्णव घोष ने जानकारी दी. कार्यशाला में इंगलिशबाजार और ओल्ड मालदा नगरपालिकाओं के चेयरमैन कृष्णेंदु चौधरी और कार्तिक घोष भी उपस्थित थे. दोपहर 12 बजे से लेकर दो बजे तक ट्रैफिक समस्या और जाम को लेकर शहर के विभिन्न क्लबों, स्वयंसेवी संस्थाओं, परिवहन संस्थाओं और प्रशासन अधिकारियों ने चर्चा की.
कार्यशाला के आरंभ में जिले के आरटीओ शुभेंदु शेखर दास ने कहा कि मालदा जिले में सड़क हादसे भी बढ़ रहे हैं और उनमें मरनेवालों की संख्या भी बढ़ रही है. वर्ष 2014-15 में 500 से ज्यादा दुर्घटनाएं हुई थीं. चालू साल के जून महीने तक 264 दुर्घटनाएं घट चुकी हैं. इनमें से 67 फीसद दुर्घटनाओं में मौत हुई है. इसमें हमें कमी लाना होगा.
डीएसपी उत्तम घोष ने कहा कि मालदा में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 34 की लंबाई 69 किलोमीटर है. इसकी वजह से ज्यादा हादसे होते हैं. उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रयास हो रहे हैं. महानंद पुल की हालत भी खराब है. सभी ने यह बात मानी कि मंगलबाड़ी, कालियाचक, रथबाड़ी, सुस्थानी मोड़ इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लगता है.
इंगलिशबाजार नगरपालिका के चेयरमैन कृष्णेंदु चौधरी ने कहा कि शहर में सबसे बड़ी समस्या अभी टोटो गाड़ी है. ऊपर से गांवों से जुगाड़ गाड़ी भी शहर में घुस आती है. ट्रैफिक पुलिस इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती. शहर के कुछ इलाकों में सड़कों को चौड़ा किया गया है. जाम पर नियंत्रण के लिए कुछ इलाकों में सड़क को वन-वे करना होगा.
ओल्ड मालदा नगरपालिका के चेयरमैन कार्तिक घोष ने कहा कि मंगलबाड़ी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की समस्या पुरानी है. वहां एफसीआइ का एक गोदाम है. उसकी वजह से रोज जाम लगता है.
कार्यशाला में जिला बस और मिनी बस ओनर्स एसोसिएशन ने भी अपने विचार रखे. सभी की बातें सुनने के बाद जिले के पुलिस अधीक्षक अर्णव घोष ने कहा कि मैं इस जिले में नया आया हूं. ट्रैफिक एक ऐसा मुद्दा है जिससे कई एजेंसियां जुड़ी हुई हैं. बुनियादी संरचना को बेहतर करना होगा. सिस्टम में बदलाव लाना होगा. कानून का पालन नहीं करनेवालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी होगी. यह राज्य सरकार की प्राथमिक सूची में आ गया है. केवल पुलिस से ट्रैफिक व्यवस्था ठीक नहीं होगी. सभी को आगे आना होगा. जो लोग घर बनाते हैं वो सड़क के किनारे ही ईंट, बालू, पत्थर रख देते हैं. इसके खिलाफ कड़े कदम उठाये जायेंगे.
जिला अधिकारी शरद द्विवेदी ने कहा कि हमें ट्रैफिक समस्या से जुड़े कई प्रस्ताव मिले हैं हम उनको पूरी बारीकी से समझ रहे हैं. शहर में टोटो की समस्या ने भयंकर रूप ले लिया है. हम लोग टोटो गाड़ियों की सूची तैयार की है. उन्हें नगरपालिका और पंचायत से लाइसेंस दिया जायेगा. बिना नंबर की टोटो गाड़ियों पर कड़ी कार्रवाई होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










