डंकन्स के चाय बागानों में नहीं शुरू हुआ काम
जलपाईगुड़ी. 22 जनवरी को कोलकाता में आयोजित त्रिपक्षीय बैठक के दौरान डंकन्स ग्रुप ने अपने तीन चाय बागानों में एक फरवरी से स्वाभाविक रूप से काम-काज शुरू करने की घोषणा की थी. सोमवार को एक फरवरी के दिन डंकन्स के तीनों चाय बागानों में किसी भी प्रकार के काम-काज की शुरूआत नहीं हुई. सिर्फ इतना […]
सिर्फ इतना ही नहीं, त्रिपक्षीय बैठक में डंकन्स के मालिकों ने एक फरवरी से ही चाय श्रमिकों के बकाये के भुगतान करने की भी घोषणा की थी. अपने कायाकल्प की उम्मीद में बागान में काम करने वाले चाय श्रमिक सोमवार को सुबह ही चाय बागान पहुंच गये थे. उन्हें उस समय भारी निराशा का सामना करना पड़ा जब डंकन्स ग्रुप ने बंद पड़े इन चाय बागानों को खोलने के प्रति कोई दिलचस्पी नहीं दिखायी.
यह बेहद दुर्भाग्यजनक है कि डंकन्स ग्रुप के मालिकों ने सरकार एवं ट्रेड यूनियन नेताओं के समक्ष किये गये वादे को पूरा नहीं किया है. एक चाय बागान श्रमिक बबलू उरांव तथा अन्य श्रमिकों ने राज्य अथवा केंद्र सरकार से इन तीनों बागानों के भी अधिग्रहण करने की मांग की है. इस बीच, विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, डंकन्स ग्रुप के मालिकों ने बागान खोलने को लेकर कई नयी शर्तें रखी हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2014 के सितंबर महीने से जो चाय श्रमिक बागान से अनुपस्थित हैं, उनको फिर से काम पर नहीं रखा जायेगा. इसके साथ ही बकाया पीएफ अगले पांच महीने में तथा बकाया ग्रेच्युटी अगले तीन सालों में देने की बात कही गयी है. इसके साथ ही डंकन्स ग्रुप ने पत्ता तोड़ने सहित अन्य परिचालन कार्यों में मशीन के उपयोग करने की भी बात कही है. सूत्रों ने आगे बताया कि डंकन्स कंपनी ने साफ-साफ तौर पर कह दिया है कि खर्च के मुकाबले मुनाफा काफी कम है. इस वजह से वह लोग श्रमिकों के सभी मांगों को नहीं मान सकते.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










