हावड़ा में स्वर्ण व्यवसायी पर फायरिंग, लाखों के गहने लूटकर फरार हुए बदमाश
Published by : Ashish Jha Updated At : 14 Jun 2026 11:48 AM
सीसीटीवी फुटेज
Bengal News: गोली चंदन को नहीं लगी, लेकिन उनकी बाइक का अगला हिस्सा गोलियों से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े.
हावड़ा से अमित शर्मा की रिपोर्ट
Bengal News: पश्चिम बंगाल के हावड़ा में शनिवार रात सनसनीखेज लूट और फायरिंग की घटना सामने आयी. हावड़ा के सांकराइल थाना क्षेत्र के रानीहाटी पुरातन बाजार में बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाते हुए गोली चलायी और सोना-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गये. गनीमत रही कि गोली व्यवसायी को नहीं लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.
दुकान बंद कर लौट रहा था घर
स्वर्ण व्यवसायी का नाम चंदन कांड़ार है. वह हर दिन की तरह शनिवार रात दुकान बंद कर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे. रात करीब 9.20 बजे जैसे ही वह दुकान बंद कर बाइक पर बैठने लगे, पहले से घात लगाये बैठे पांच बदमाशों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया. बताया जा रहा है कि बदमाश सीधे चंदन की पीठ पर टंगे बैग पर टूट पड़े. उस बैग में लगभग 200 ग्राम सोना, सात से आठ किलोग्राम चांदी के गहने और 50 से 60 हजार रुपये नकद थे.
बैग छीनने की कोशिश
बदमाश बैग छीनने की कोशिश करने लगे, लेकिन चंदन ने विरोध किया और बैग छोड़ने से इनकार कर दिया. कुछ देर तक बैग को लेकर दोनों पक्षों के बीच जोरदार छीना-झपटी हुई. जब चंदन ने कड़ा प्रतिरोध किया, तब बदमाशों ने उन्हें डराने और रास्ते से हटाने के लिए ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी. हालांकि गोली चंदन को नहीं लगी, लेकिन उनकी बाइक का अगला हिस्सा गोलियों से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े.
भीड़ जुटती देख हुआ फरार
भीड़ जुटती देख बदमाशों ने देर नहीं की और तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर राष्ट्रीय राजमार्ग की दिशा में तेजी से फरार हो गये. लूट के बाद चंदन कांड़ार ने भी बाइक से बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे उन्हें पकड़ नहीं सके. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गयी. घटना की खबर मिलते ही पुलिस की बड़ी टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया. व्यवसायी की लिखित शिकायत दर्ज कर ली गयी है.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
जांच के तहत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके. प्रारंभिक जांच में आशंका जतायी जा रही है कि बदमाशों को व्यवसायी की दिनचर्या और उनके पास मौजूद कीमती सामान की पहले से जानकारी थी. यानी यह वारदात सुनियोजित हो सकती है. इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भारी दहशत है. स्थानीय स्वर्ण व्यवसायियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाये हैं और रात के समय बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जायेगा.
Also Read: कोलकाता में हुगली नदी के नीचे से अब गुजरेंगी गाड़ियां, कॉरिडोर निर्माण में खर्च होंगे आठ हजार करोड़
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Jha
डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










