कोलकाता : मोदी का नेतृत्व ‘बेजोड़’ : केशव मौर्य

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 11 Feb 2019 2:43 AM

विज्ञापन

कोलकाता : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि नरेंद्र मोदी ही भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे, क्योंकि उनके नेतृत्व के गुण ‘बेजोड़’ हैं. मौर्य ने कहा कि मोदी ही भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे, भले ही सत्तारूढ़ राजग लोकसभा चुनावों में बहुमत से कुछ दूर रह […]

विज्ञापन

कोलकाता : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि नरेंद्र मोदी ही भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे, क्योंकि उनके नेतृत्व के गुण ‘बेजोड़’ हैं. मौर्य ने कहा कि मोदी ही भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे, भले ही सत्तारूढ़ राजग लोकसभा चुनावों में बहुमत से कुछ दूर रह जाये.

उन्होंने हालांकि कहा कि भाजपा 2014 चुनाव के मुकाबले इस बार अपना प्रदर्शन सुधारेगी और पार्टी 300 सीटों के आंकड़े को पार करेगी. उन्होंने दावा किया कि राजग 400 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगा.
राम मंदिर मुद्दे पर मौर्य ने कहा कि केंद्र सरकार मंदिर के निर्माण में आने वाली सभी ‘बाधाओं को दूर’ कर देगे. मौर्य ने हाल में पश्चिम बंगाल की अपनी यात्रा के दौरान दिये एक साक्षात्कार में कहा : 2014 में हमने 282 सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन 2019 में भाजपा अकेले ही 300 के आंकड़े को पार करेगी. हमारे राजग के सहयोगियों को मिलाकर हम मोदी के नेतृत्व में 400 के आंकड़े को पार करेंगे.
जब उनसे पूछा गया कि यदि मोदी राजग को जीत दिलाने में विफल रहे तो क्या भाजपा उनके लिए मैदान में उतरेगी तो उन्होंने कहा : लोगों को केवल उन (मोदी) पर ही भरोसा है.
उन्होंने कहा : भाजपा को बहुमत नहीं मिलेगा यह एक कल्पना है. जो लोग ममता बनर्जी की तरह खुद को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाने की कोशिश कर रहे हैं, वे केवल यह सपना देख सकते हैं कि मोदी को बहुमत नहीं मिलेगा, जबकि तथ्य यह है कि मोदी जी को भारी बहुमत के साथ फिर से प्रधानमंत्री चुना जायेगा.
जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा के पास इस पद के लिए कोई अन्य उम्मीदवार है तो मौर्य ने कहा: लोग केवल मोदी जी पर ही भरोसा करते है. वह एक नए युग के संस्थापक हैं. उनका नेतृत्व बेजोड़ है.
अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के बारे में मौर्य ने कहा कि बाबर के नाम के साथ अंकित ईंटों को राम जन्मभूमि स्थल पर अनुमति नहीं दी जायेगी.
विवादित राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद स्थल के आसपास अधिग्रहित अविवादित भूमि को उनके मूल मालिकों को लौटाने के लिए केन्द्र द्वारा उच्चतम न्यायालय में दायर की गई अर्जी पर मौर्य ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि निर्णय सरकार के पक्ष में आयेगा.
उन्होंने कहा : हमें उम्मीद हैं कि निर्णय हमारे पक्ष में आयेगा, लेकिन यदि फैसला हमारे पक्ष में नहीं आया तो इसके बाद कई अन्य कानूनी विकल्प है लेकिन राम मंदिर वहीं बनेगा. उन्होंने कहा कि राम मंदिर का निर्माण आस्था से जुड़ा है और यह भाजपा के लिए राजनीति नहीं है.
यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार लोकसभा चुनाव से पहले राममंदिर के निर्माण के लिए कदम उठायेगी तो उन्होंने कहा कि मंदिर का निर्माण साधुओं और श्रद्धालुओं का निर्णय है और सरकार केवल ‘रास्ते में आने वाली सभी बाधाओं को दूर करेगी’.
जब उनसे पूछे गया कि क्या कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रभारी के रूप में प्रियंका गांधी वाड्रा की नियुक्ति लोकसभा चुनाव में महत्वपूर्ण कारक रहेगी, तो मौर्य ने कहा कि इससे कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और विपक्षी पार्टी राज्य में अपना खाता नहीं खोल पायेगी.
मौर्य ने कहा कि वैचारिक रूप से बेमेल समाजवादी पार्टी और बसपा ने मोदी के ‘‘डर” से उत्तर प्रदेश में गठबंधन बनाया है. उन्होंने कहा : हम उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करेंगे. लोग मोदी जी के साथ है.
उन्होंने कहा : यदि आज चुनाव हो जाये तो हम 74 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे, लेकिन तीन महीने में, मुझे पूरा विश्वास है कि हम सभी 80 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे.
उनसे पूछा गया कि यदि सपा-बसपा गठबंधन के पास जनाधार नहीं है तो भाजपा पिछले वर्ष मार्च में फूलपुर और गोरखपुर लोकसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में क्यों हार गई ? इस पर मौर्य ने कहा कि यह एक ‘‘दुःस्वप्न ” था जो अब टूट गया है. ‘‘वे इस बार अपना खाता भी नहीं खोल सकेंगे”
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola