मालदा में रैली, राज्य में भाजपा के चुनाव अभियान की शुरुआत, बोले शाह - सभी बंगाली शरणार्थियों को बिल पारित होने पर मिलेगी नागरिकता

Updated at : 23 Jan 2019 12:25 AM (IST)
विज्ञापन
मालदा में रैली, राज्य में भाजपा के चुनाव अभियान की शुरुआत, बोले शाह - सभी बंगाली शरणार्थियों को बिल पारित होने पर मिलेगी नागरिकता

मालदा : तरह-तरह की बाधाओं को पार पाते हुए आखिरकार मालदा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनसभा हुई. मंगलवार दोपहर ओल्ड मालदा ब्लॉक की साहापुर ग्राम पंचायत के नित्यानंदपुर इलाके में बाइपास के किनारे आयोजित जनसभा में अमित शाह ने दावा किया कि इस बार भाजपा लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में […]

विज्ञापन
मालदा : तरह-तरह की बाधाओं को पार पाते हुए आखिरकार मालदा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनसभा हुई. मंगलवार दोपहर ओल्ड मालदा ब्लॉक की साहापुर ग्राम पंचायत के नित्यानंदपुर इलाके में बाइपास के किनारे आयोजित जनसभा में अमित शाह ने दावा किया कि इस बार भाजपा लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में कम से कम 23 सीटें जीतेगी.
शाह ने एक तरफ जहां ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पर ताबड़तोड़ हमले किये. वहीं, रथयात्रा से लेकर रोहिंग्या, नागरिकता संशोधन बिल, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, गो तस्करी जैसे तमाम मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा.
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा और सरस्वती पूजा में प्रतिमाओं के विसर्जन की इजाजत बंगाल में नहीं मिल रही है, तो क्या पाकिस्तान जाकर पूजा-विसर्जन करेंगे? शाह ने कहा कि नागरिकता बिल पारित होने पर सभी बंगाली शरणार्थियों को नागरिकता मिलेगी. तृणमूल सरकार ने शरणार्थियों के लिए कुछ नहीं किया, पर हम उन्हें नागरिकता देंगे. शरणार्थी ममता बनर्जी से जवाब चाहते हैं कि वह बिल का समर्थन करेगी या नहीं.
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व राज्य में कम से कम 22 सीटें जीतने की बात कहता रहा है. सभा को अमित शाह के अलावा भाजपा के केंद्रीय नेता कैलाश विजयवर्गीय, राज्य अध्यक्ष दिलीप घोष, मुकुल राय, राहुल सिन्हा, शमीक भट्टाचार्य, राजू बनर्जी और जिलाध्यक्ष संजीत मिश्र ने भी संबोधित किया.
बंगाल में ‘गणतंत्र बचाओ यात्रा’ निकाल पाने में अभी तक सफल नहीं हो पायी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वह इसकी शुरुआत इसी जनसभा से कर रहे हैं. उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि इस सरकार के शासन में कदम-कदम पर लोकतंत्र की हत्या हो रही है.
हालात इतने खराब हैं कि इस सभा के लिए उनके हेलीकॉप्टर की लैंडिंग में रुकावटें डाली गयीं. राज्य में आतंक की स्थिति बताते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव देश भर में हुए, लेकिन बंगाल में 65 से अधिक भाजपा व अन्य दलों के कार्यकर्ताओं की हत्या हुई. 1300 से अधिक घायल हुए. ऐसा और कहीं नहीं हुआ.
लेकिन लोकसभा का चुनाव बंगाल सरकार नहीं, बल्कि केंद्रीय चुनाव आयोग और केंद्रीय बलों की देखरेख में होगा. हर बूथ पर केंद्रीय अर्धसैनिक बल होगा. किसी को डरने की जरूरत नहीं है. जनता ही तृणमूल को लायी है और अब वही उसे हटायेगी. लोग कहने लगे हैं कि इस सरकार से तो पहले की वाम फ्रंट सरकार ही बेहतर थी.
हिंदुओं के धार्मिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अगर मां दुर्गा और सरस्वती की प्रतिमाओं का विसर्जन यहां नहीं होगा, तो क्या पाकिस्तान में होगा. श्री शाह ने आरोप लगाया कि एनआरसी पर तृणमूल जनता को गुमराह कर रही है. नागरिकता कानून संशोधन विधेयक के जरिये सभी हिंदू, सिख, ईसाई शरणार्थियों को नागरिकता दी जायेगी. भाजपा राज्य में गौ-तस्करी रोकेगी.
श्री शाह ने कहा, ‘अब समय आ गया है कि हमें नेताजी सुभाषचंद्र बोस, रवींद्रनाथ ठाकुर, बंकिमचंद्र, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बंगाल को लौटाना होगा. कांग्रेस ने नेताजी को भुलाने की भरसक कोशिश की है, उस इतिहास को वापस लाना है. जो बंगाल पहले सबसे आगे था, वह आज सबसे पीछे है.’ उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने पांच साल में राज्य को एक लाख 32 हजार करोड़ रुपये दिये थे, जबकि मोदी सरकार ने तीन लाख 95 हजार 400 करोड़ रुपये दिये हैं. इसके बावजूद ममताजी कहती हैं कि उन्हें केंद्र से सहयोग नहीं मिल रहा.
स्वार्थ और सत्ता के लिए विपक्षियों का गठबंधन
श्री शाह ने ब्रिगेड मैदान में विपक्षी दलों के जुटान पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल स्वार्थ और सत्ता के लिए गठबंधन कर रहे हैं. लेकिन उनका यह गठबंधन नहीं चल सकता. गठबंधन की सभा में भारत माता की जय और वंदे मातरम् तक नहीं बोला जाता. उन्होंने कहा कि ब्रिगेड मैदान में मंच पर जितने नेता बैठे थे, सभी प्रधानमंत्री के उम्मीदवार थे. भाजपा जहां बेरोजगारी, भ्रष्टाचार को खत्म करने की बात कहती है, तो विपक्ष की जुबान पर केवल मोदी को हटाने की बात रहती है.
शाह की तबीयत बिगड़ी, लौटे दिल्ली
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह अपनी खराब सेहत के कारण मंगलवार की शाम को मालदा से नयी दिल्ली लौट गये. पश्चिम बंगाल के झारग्राम में बुधवार को निर्धारित रैली में उनके शामिल होने की संभावना नहीं है.भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि अमित शाह बहुत बीमार हैं। उन्हें तेज बुखार है, लेकिन फिर भी उन्होंने यहां आज की रैली में हिस्सा लिया. स्वाइन फ्लू की चपेट में आने के बाद अस्पताल में उनका इलाज हुआ था और कुछ दिन पहले ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी.
ममता शासन में बढ़ रही बांग्लादेशियों की घुसपैठ
अमित शाह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार में बांग्लादेश से घुसपैठ बढ़ी है. तस्करी बढ़ी है. अवैध हथियारों का कारोबार बढ़ा है. मवेशी तस्करी बढ़ी है. सिंडिकेट राज कायम हुआ है. सरकारी कर्मचारी आधे वेतन पर काम कर रहे हैं. जनता केंद्र की 129 योजनाओं के लाभ से वंचित हो रही है.
भाजपा के राज्य की सत्ता में आने पर इस मनमानी पर लगाम लगायेगी. सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को पहली कैबिनेट बैठक में पास किया जायेगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यहां आयुष्मान भारत योजना को लागू करना नहीं चाहती हैं. इसी तरह दूसरी केंद्रीय योजनाओं को लागू नहीं किया जा रहा है.
अमित शाह का मालदा का भाषण उनकी बेचैनी दर्शाता है : तृणमूल कांग्रेस
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मालदा में अमित शाह के भाषण को “तथ्यों के लिहाज से कमजोर और शब्दों के लिहाज से घटिया स्तर” का था. पार्टी ने कहा कि ऐसा लगता है कि भगवा दल बेचैन हो गया है और उसे यह अहसास हो गया है कि सत्ता में उसके गिनती के कुछ दिन बचे हैं. तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता डेरेक ओ ब्रायन ने कहा, “मालदा में भाजपा अध्यक्ष का भाषण सुनने के बाद यह स्वाभाविक है कि वे बेचैन हैं.
वे जानते हैं कि उनके दिन गिनती के हैं. वे राजनीतिक रूप से डरे हुए हैं. उनके भाषणों में तथ्यों की कमी है और स्तर घटिया है.” उन्होंने कहा, “उन्हें (भाजपा) भारत के लोकाचलन का अंदाज नहीं है. उन्हें बंगाल के लोकाचलन का अंदाजा नहीं है. वे बड़े शून्य की तरफ बढ़ रहे हैं.” तृणमूल कांग्रेस ने कहा, “कुछ कह रहे हैं वे हताश हैं, कुछ कह रहे हैं वे पागल हो गये हैं…या फिर यह दोनों का सम्मिश्रण है?” इससे पहले शाह ने मालदा में एक रैली के साथ पश्चिम बंगाल में भाजपा के लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत की, जहां उन्होंने ममता बनर्जी सरकार को सत्ता से हटाने की बात कही.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola