बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस के शौचालय में लगी आग

Updated at : 05 Mar 2025 9:49 PM (IST)
विज्ञापन
बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस के शौचालय में लगी आग

बुधवार को अपराह्न 3:10 बजे चलती हुई 18184 बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस के शौचालय में आग लग गयी, जिससे उसमें सवार यात्रियों की जान सांसत में फंसी रही. मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल के आद्रा-पुरुलिया रेलमार्ग के कुसतौर व छर्रा स्टेशन के बीच हुई.

विज्ञापन

पुरुलिया.

बुधवार को अपराह्न 3:10 बजे चलती हुई 18184 बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस के शौचालय में आग लग गयी, जिससे उसमें सवार यात्रियों की जान सांसत में फंसी रही. मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल के आद्रा-पुरुलिया रेलमार्ग के कुसतौर व छर्रा स्टेशन के बीच हुई. घटना का पता चलते ही ट्रेन एग्जामिनर की टीम ट्रेन के चिह्नित डिब्बे में गयी और शौचालय में लगी आग पर अग्निशमन यंत्र के सहारे काबू पाने में जुट गयी.

बाद में एक इंजन के साथ दमकलकर्मी वहां पहुंचे औरआग को बुझा कर यात्रियों को राहत प्रदान की. घटना के प्रत्यक्षदर्शी व ट्रेन के यात्री संजय शर्मा ने बताया कि वह उस कोच के बगल के कंपार्टमेंट में बैठे थे. कुसतौर स्टेशन गुजरने के बाद उन लोगों ने देखा कि पास के कंपार्टमेंट से यात्री उन लोगों के कोच में चले आ रहे हैं. पूछने पर यात्रियों ने बताया कि पास के कोच में आग लग गयी है. उसके बाद पूरी ट्रेन में अफरा-तफरी मच गयी. कुछ यात्री घबड़ा कर ट्रेन की जंजीर खींचने लगे. कुछ देर बाद एक्सप्रेस ट्रेन रोक दी गयी. ट्रेन थमते ही ज्यादातर यात्री दहशत के मारे उतर गये.

करीब जाकर देखा, तो कोच के शौचालय से आग की लपटें निकल रही थीं. आधे घंटे बाद रेलवे के कर्मचारी वहां पहुंचे और पोर्टेबल अग्निशामक से आग बुझाने में जुट गये. कुछ ही देर बाद एक इंजन के साथ दमकलकर्मी भी वहां पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग बुझा दी. घटना की खबर मिलते ही रेलवे के अधिकारी से लेकर आरपीएफ, जीआरपी व राज्य पुलिस के अधिकारी वहां पहुंचे.

बाद में दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) सुमित नरुला ने बताया कि बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस के इंजन से छठे सामान्य कोच के शौचालय में आग लग गयी. हालांकि घटना में किसी यात्री के आहत होने की सूचना नहीं है. इसकी जानकारी मिलते ही तुरंत ट्रेन के ओवरहेड बिजली कनेक्शन को बंद कर दिया गया. प्राथमिक तौर पर रेलकर्मियों ने आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया था, जिससे आग फैल नहीं पायी. बाद में एक इंजन के साथ दमकलकर्मी वहां पहुंचे और आग पूरी तरह से बुझा दी. प्राथमिक रूप से लग रहा है कि ट्रेन के शौचालय में सुलगती बीड़ी या सिगरेट से आग लगी होगी. घटनास्थल से माचिस के डिब्बे व अधजले सिगरेट पाये गये हैं. हालांकि पूरी घटना की जांच की जा रही है. घटना के दौरान एक्सप्रेस ट्रेन के शौचालय वाले कोच को अलग कर दिया गया. बाकी ट्रेनों को जोड़ कर टाटानगर के लिए रवाना कर दिया गया. हालांकि यात्रियों ने दावा किया कि इस घटना से लगभग ढाई घंटे तक ट्रेन विलंबित रही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola