आम बागान से दो बच्चे बंदूक के बल पर अगवा
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 24 Apr 2017 7:44 AM
विज्ञापन
दोनों अपहृत बच्चों की उम्र 13-14 साल अपहरण की वजह के बारे में कोई सुराग नहीं घटनास्थल पर पुलिस देर से पहुंची गुस्साये ग्रामीणों ने की सड़क जाम मालदा. चांचल थाने की मालतीपुर ग्राम पंचायत के पश्चिम पाड़ा इलाके से दो बच्चों का बंदूक के बल पर अपहरण कर लिया गया. घटना के समय बच्चे […]
विज्ञापन
दोनों अपहृत बच्चों की उम्र 13-14 साल
अपहरण की वजह के बारे में कोई सुराग नहीं
घटनास्थल पर पुलिस देर से पहुंची
गुस्साये ग्रामीणों ने की सड़क जाम
मालदा. चांचल थाने की मालतीपुर ग्राम पंचायत के पश्चिम पाड़ा इलाके से दो बच्चों का बंदूक के बल पर अपहरण कर लिया गया. घटना के समय बच्चे बागान में आम चुन रहे थे. इस घटना को लेकर पूरे इलाके में सनसनी है. रविवार की सुबह करीब सात बजे पुलिस को इस घटना की खबर दी गयी, लेकिन पुलिस देर से पहुंची. इससे क्षुब्ध स्थानीय लोगों ने मालतीपुर बस स्टैंड के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 81 को जाम कर दिया. ग्रामीणों ने अपहर्ताओं की तुरंत गिरफ्तारी और अपहृत बच्चों की बरामदगी की मांग की है. जाम की वजह से सुबह आठ बजे से लेकर करीब 10 बजे तक राजमार्ग पर आवागमन बाधित रहा. बाद में चांचल थाने के आइसी फरीद अनवर के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क से अवरोध हटा लिया. पुलिस अपहृत बालकों की तलाश कर रही है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार की सुबह पश्चिम पाड़ा के एक आम बागान में पांच बच्चे आम चुनने गये हुए थे.आरोप है कि इनमें से दो बच्चों तनवीर आलम (14) और शंकर मांझी (13) को पांच बदमाशों ने बंदूक दिखाकर जबरन बोलेरो गाड़ी में बिठा लिया. इसके बाद बदमाश बच्चों को लेकर भाग गये. बाकी तीन बच्चों ने कुछ दूर तक गाड़ी का पीछा किया, लेकिन तेज गति से गाड़ी इलाके से निकल गयी. इसके बाद तीनों बच्चों ने स्थानीय लोगों को इस बारे में बताया. पुलिस ने बताया कि तनवीर आलम चांचल के सिद्धेश्वरी हाई स्कूल में नौवीं कक्षा और शंकर चांचल के गोविंदपाड़ा हाई स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र है. तनवीर का घर बिहार में है, लेकिन वह मालतीपुर गांव में अपने दादू फैजुद्दीन शेख के साथ ही रहता है. वहीं शंकर के पिता गौतम मांझी दिहाड़ी मजदूर हैं और उनका घर मालतीपुर में है.
बाकी बच्चों से पूछताछ के बाद बच्चों ने बताया कि बागान में पहले से ही एक बोलेरो गाड़ी खड़ी थी. अचानक उसमें से चार-पांच लोग उतरे. सभी ने अपना चेहरा रूमाल बांधकर ढक रखा था. इन लोगों ने बच्चों को अपने पास बुलाया. तनवीर और शंकर उनके पास गये. तभी बदमाशों ने बंदूक दिखाकर उन्हें अपनी गाड़ी में बिठा लिया.तनवीर और शंकर के घर वालों ने पुलिस को बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है. वह लोग गरीब परिवार के हैं.
उनके बच्चों के अपहरण से किसी को क्या लाभ होगा. अचानक ऐसी घटना क्यों घटी, यह समझ में नहीं आ रहा है.चांचल-2 ब्लॉक के तृणमूल नेता आदित्य दास ने बताया कि ऐसी घटना इस इलाके में पहले कभी नहीं घटी. बागान में खेल रहे बच्चों का अपहरण क्यों किया गया, यह समझ में नहीं आ रहा है.
खबर देने के बाद भी पुलिस देरी से आयी, इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है. उन्होंने पुलिस से बदमाशों की गिरफ्तारी और बच्चों की बरामदगी की मांग की है. उन्होंने कहा कि इसके पीछे मानव तस्कर गिरोह का भी हाथ हो सकता है. चांचल के एसडीपीओ सजल कांति विश्वास ने बताया कि दोनों अपहृत बालकों की तलाश की जा रही है. पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










