पंचायत चुनाव हिंसा: ममता बनर्जी के आदेश के बाद तृणमूल कांग्रेस के बाहुबली नेता को पुलिस ने दबोचा

कोलकाता : 14 मई को राज्य में पंचायत चुनाव के लिए होनेवाले मतदान से ठीक पहले दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ इलाके में हिंसा भड़क उठी. शुक्रवार को इलाके के एक निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थन में निकले जमीन-जीविका रक्षा कमेटी के काफिले पर तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों द्वारा बमों और गोलियों से हमला किया […]
कोलकाता : 14 मई को राज्य में पंचायत चुनाव के लिए होनेवाले मतदान से ठीक पहले दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ इलाके में हिंसा भड़क उठी. शुक्रवार को इलाके के एक निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थन में निकले जमीन-जीविका रक्षा कमेटी के काफिले पर तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों द्वारा बमों और गोलियों से हमला किया गया. इसमें एक समर्थक हाफिजुल मोल्ला की मौत हो गयी. आरोप है कि हमलावर तृणमूल कांग्रेस के नेता अराबुल इस्लाम के गुट के थे.
पुलिस ने बताया कि दक्षिण 24 परगना जिले में काशीपुर से माछीभंगा तक शुक्रवार को निकाले जा रहे एक जुलूस में 25 वर्षीय हाफिजुल इस्लाम मुल्ला भी शामिल था. उसी दौरान गोली लगने से उसकी मौत हो गयी. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आदेश पर कल देर रात अराबुल को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अराबुल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उसे आज दोपहर अदालत में पेश किया जाएगा.
इस घटना से नाराज लोगों ने शुक्रवार को जमकर तोड़फोड़ करते हुए कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं. कमिटी के सदस्यों का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के नेता अराबुल इस्लाम के नेतृत्व में यह हमला हुआ है. इसके खिलाफ वे शनिवार को महानगर के मौलाली से धर्मतल्ला तक जुलूस निकालेंगे.
इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य चुनाव आयोग ने रिपोर्ट तलब किया है. वहीं, नाराज मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मामले में अराबुल समेत सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है. सीएम ने कहा कि मैंने पुलिस से तुरंत अराबुल को गिरफ्तार करने को कहा है. उन्होंने गलत किया है. वहीं, इलाके में अब भी तनाव बना हुआ है. पुलिस स्थिति को नियंत्रण करने में लगी हुई है. वहीं, अराबुल के घर पहुंची पुलिस ने वहां तलाशी अभियान चलाया.
रात करीब 10.30 बजे अराबुल इस्लाम को पास के एक मैदान से उनके एक घनिष्ठ के साथ गिरफ्तार कर लिया गया. उनसे पूछताछ जारी है. पुलिस इस मामले में उनके भाई को भी तलाश रही है. गौरतलब है कि कलकत्ता हाइकोर्ट में तय समय पर चुनाव कराने की बात कहते हुए राज्य चुनाव आयोग को लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आदेश न्यायालय ने दिया था. लेकिन इसी बीच, भांगड़ में हिंसा की घटना से सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गये हैं.
ऐसे हुई घटना की शुरुआत : घटना की शुरुआत शुक्रवार को काशीपुर थाना इलाके के भांगड़ दो नंबर पंचायत समिति इलाके से हुई. पहले से तय कार्यक्रम के तहत जमीन-जीविका रक्षा कमेटी की ओर से पंचायत चुनाव के मद्देनजर निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थन में जुलूस निकाला गया था. जुलूस जब नूतनहाट इलाके में पहुंचा, तो अचानक उस पर बमबाजी होने लगी. इस बीच गोलियां भी चलने लगीं. इस गोलीबारी में जुलूस में शामिल समर्थक हाफिजुल मोल्ला घायल हो गया. उसे राजारहाट के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जाता है कि जुलूस में शामिल कई लोग बम और गोली से जख्मी हुए हैं. शुरू में इस हमले से जुलूस में शामिल लोग वहां से भागे, लेकिन बाद में वे एकजुट होकर हमलावरों का मुकाबला करने लगे, तो तृणमूल कांग्रेस के समर्थक पीछे हट गये. इस बीच, नाराज लोगों ने हाड़ोवा रोड को जाम कर दिया. इलाके में तनाव फैल गया. लोग बड़ी संख्या में वहां जुटने लगे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करने की कोशिश करने लगे.
नाराज लोगों का कहना था कि जुलूस की जानकारी पहले से देने के बावजूद पुलिस की ओर से वहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किये गये थे. पुलिस की लापरवाही और तृणमूल कांग्रेस के अत्यावार के कारण यह घटना हुई है. राज्य चुनाव आयोग ने तुरंत इस मामले में रिपोर्ट तलब किया है. खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मामले में अराबुल इस्लाम समेत सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने का निर्देश दिया. इस घटना को लेकर शनिवार को मौलाली से धर्मतल्ला तक जमीन-जीविका रक्षा कमेटी की ओर से जुलूस निकाला जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




