25.1 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Advertisement

योगी आदित्यनाथ लगातार दूसरी बार बने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, अब नजरें मायावती के इस रिकॉर्ड पर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ ने दूसरी बार शपथ ली. उन्हें 25 मार्च 2022 को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पद और गोपनीयत की शपथ दिलायी.

UP Chief Ministers: योगी आदित्यनाथ ने बतौर मुख्यमंत्री शुक्रवार को दूसरी बार शपथ ली. उन्हें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शपथ दिलायी. योगी आदित्यनाथ की नजर अब सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री रहने के रिकॉर्ड पर टिकी हुई है. अभी यह रिकॉर्ड बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के नाम पर है.

मायावती चार बार रह चुकी हैं मुख्यमंत्री

मायावती उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रह चुकी हैं. वह चारों कार्यकाल को मिलाकर कुल 7 साल 16 दिन मुख्यमंत्री रहे. वहीं, योगी आदित्यनाथ अपने पहले कार्यकाल में पांच साल और 6 दिन मुख्यमंत्री रहे.

Also Read: Yogi Cabinet: योगी आदित्यनाथ सरकार ने मुफ्त राशन योजना को तीन माह के लिए बढ़ाया, मंत्रिपरिषद की पहली मुहर
मुलायम सिंह यादव तीन बार रहे मुख्यमंत्री

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे. वह कुल 6 साल 274 दिन तक मुख्यमंत्री रहे. इसके अलावा, डॉ. संपूर्णानंद 5 वर्ष 344 दिन और एनडी तिवारी तीन साल 314 दिन तक तक मुख्यमंत्री रहे.

Also Read: UP Election 2022: जब CM योगी आदित्यनाथ ने कहा, मैं ही बनूंगा मुख्यमंत्री, हम रिकॉर्ड तोड़ने के लिए ही आए हैं
उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने गोविंद वल्लभ पंत

उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री गोविंद वल्लभ पंत थे. वह 26 जनवरी 1950 से 27 दिसंबर 1954 तक मुख्यमंत्री रहे. वह कांग्रेस के दिग्गज नेता थे. इसके बाद डॉक्टर संपूर्णानंद मुख्यमंत्री बने. वह 28 दिसंबर 1954 से 6 दिसंबर 1960 तक मुख्यमंत्री रहे. वह भी कांग्रेस पार्टी से थे. संपूर्णानंद के बाद चंद्रभानु गुप्ता मुख्यमंत्री बने. वह 7 दिसंबर 1960 से 1 अक्तूबर 1963 तक मुख्यमंत्री रहे. इसके बाद सुचेता कृपलानी के रूप में उत्तर प्रदेश को पहली महिला मुख्यमंत्री मिलीं. सुचेता कृपलानी 2 अक्तूबर 1963 से 13 मार्च 1967 तक मुख्यमंत्री रहीं.

चौधरी चरण सिंह 1967 में पहली बार बने मुख्यमंत्री

सुचेता कृपलानी के बाद चंद्रभानु गुप्ता मुख्यमंत्री बने. वह 14 मार्च 1967 से 2 अप्रैल 1967 तक मुख्यमंत्री रहे. इसके बाद चौधरी चरण सिंह मुख्यमंत्री बने. वह 3 अप्रैल 1967 से 25 फरवरी 1968 तक मुख्यमंत्री रहे. वह भारतीय क्रांति दल से थे. उनके बाद कांग्रेस के चंद्रभानु गुप्ता फिर मुख्यमंत्री बने. वह 26 फरवरी 1969 से 17 फरवरी 1970 तक मुख्यमंत्री रहे.

चौधरी चरण सिंह फिर बने मुख्यमंत्री

चंद्रभानु गुप्ता के बाद चौधरी चरण सिंह एक बार फिर मुख्यमंत्री बने. वह 18 फरवरी 1970 से 1 अक्तूबर 1970 तक मुख्यमंत्री रहे. उनके बाद कांग्रेस के त्रिभुवन नारायण सिंह मुख्यमंत्री बने. वह 18 अक्तूबर 1970 से 3 अप्रैल 1971 तक मुख्यमंत्री रहे. त्रिभुवन नारायण के बाद कांग्रेस के कमलापति त्रिपाठी 4 अप्रैल 1971 से 12 जून 1973 तक मुख्यमंत्री रहे. उनके बाद हेमवती नंदन बहुगुणा 8 नवंबर 1973 से 29 नवंबर 1975 तक मुख्यमंत्री रहे.

Also Read: मुजफ्फरनगर की किसान महापंचायत और यूपी की सत्ता के बीच क्या है कनेक्शन? जानकर चौंक जाएंगे आप
विश्वनाथ प्रताप सिंह 1980 में बने मुख्यमंत्री

हेमवती नंदन बहुगुणा के बाद एनडी तिवारी यानी नारायण दत्त तिवारी मुख्यमंत्री बने. वे 21 जनवरी 1976 से 30 अप्रैल 1977 तक मुख्यमंत्री रहे. उनके बाद रामनरेश यादव मुख्यमंत्री बने. वे 23 जून 1977 से 27 फरवरी 1979 तक मुख्यमंत्री रहे. इसके बाद बनारसी दास मुख्यमंत्री बने. वह 28 फरवरी 1979 से 17 फरवरी 1980 तक मुख्यमंत्री रहे. उनके बाद विश्वनाथ प्रताप सिंह मुख्यमंत्री बने. वह 9 जून 1980 से 18 जुलाई 1982 तक मुख्यमंत्री रहे.

मुलायम सिंह यादव 1989 में पहली बार बने मुख्यमंत्री

श्रीपति मिश्र 19 जुलाई 1982 से 2 अगस्त 1984, नारायणदत्त तिवारी 3 अगस्त 1984 से 24 सितंबर 1985, वीर बहादुर सिंह 24 सितंबर 1985 से 24 जून 1988 और नारायणदत्त तिवारी 25 जून 1988 से 5 दिसंबर 1989 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे. इसके बाद जनता दल से मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री बने. वह 5 दिसंबर 1989 से 24 जून 1991 तक मुख्यमंत्री रहे. उनके बाद कल्याण सिंह 24 जून 1991 से 6 दिसंबर 1992 तक मुख्यमंत्री रहे.

मुलायम सिंह यादव फिर बने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री

कल्याण सिंह के बाद एक बार फिर मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री बने. वह 4 दिसंबर 1993 से 3 जून 1995 तक मुख्यमंत्री रहे. इस बार उन्होंने समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ा था. उनके बाद मायावती उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनीं. वह 3 जून 1995 से 18 अक्तूबर 1995, 21 मार्च 1997 से 21 सितंबर 1997 तक मुख्यमंत्री रहीं. उनके बाद कल्याण सिंह एक बार फिर मुख्यमंत्री बने. वह 21 सितंबर 1997 से 12 नवंबर 1999 तक मुख्यमंत्री रहे.

Also Read: अखिलेश यादव पर शनि की ढैया, क्या योगी आदित्यनाथ को मिलेगा फायदा ? जानें मतगणना से ठीक पहले की भविष्यवाणी
राजनाथ सिंह 28 अक्टूबर 2000 से 8 मार्च 2002 तक रहे मुख्यमंत्री

रामप्रकाश गुप्त 12 नवंबर 1999 से 28 अक्तूबर 2000 तक, राजनाथ सिंह 28 अक्तूबर 2000 से 8 मार्च 2002 तक, मायावती तीन मई 2002 से 29 अगस्त 2003 तक, मुलायम सिंह यादव 29 अगस्त 2003 से 13 मई 2007 तक, मायावती 13 मई 2007 से 7 मार्च 2012 तक और अखिलेश यादव 15 मार्च 2012 से 19 मार्च 2017 तक मुख्यमंत्री रहे. 2017 से अभी तक योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं.

Posted By: Achyut Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें