Rourkela News: पेट्रोल-डीजल संकट. वाहन चालक पेट्रोल पंप पर कड़ी धूप में घंटों कर रहे इंतजार
Published by : BIPIN KUMAR YADAV Updated At : 16 May 2026 10:53 PM
Rourkela News: ओडिशा के विभिन्न शहरों समेत राउरकेला में पेट्रोल-डीजल का संकट बरकरार है. पेट्रोल पंपों पर वाहनों की कतार लग रही है.
Rourkela News: शहर में पेट्रोल व डीजल का संकट बरकरार है. पेट्रोल पंपों पर तेल आने की सूचना मिलते ही वाहन चालकों की भीड़ जुट रही है. पेट्रोल पंप के पास कार, टेंपो, वैन से लेकर दाे पहिया वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं. शहर में शनिवार को भी यही स्थिति देखने को मिली.
एक से दूसरे पेट्रोल पंप की लगा रहे दौड़, नहीं मिल रहा तेल
शनिवार को सेक्टर-17 पेट्रोल पंप, सेक्टर-19 नीलम होटल के पास पेट्रोल पंप, सेक्टर-5 गुंडिचा मंदिर पेट्रोल पंप, छेंड पेट्रोल पंप समेत अन्य पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही वाहनों की कतार लगी रही. इस दौरान सेक्टर-17 पेट्रोल पंप पर सुबह से ही वाहन चालकों की लंबी कतार लगी रही. वहीं दोपहर के बाद तेल खत्म हो जाने से कई लोग वापस लौटने पर मजबूर हुए. वहीं तेल पाने की उम्मीद में वाहन चालक कभी सेक्टर-19, कभी गुंडिचा मंदिर, तो कभी छेंड पेट्रोल पंप की दौड़ लगाते रहे. छेंड पेट्रोल पंप में नार्मल पेट्रोल दो घंटे में खत्म हो गया था. जिसके बाद प्रीमियम तेल देना शुरू किया गया. इसके बाद भी यहां वाहन चालकों की भीड़ देखी गयी. शहर के अन्य पेट्रोल पंप पर भी कमोबेश यही स्थिति रही.
भुवनेश्वर : ‘व्हीकल पूलिंग’ अथवा ‘राइड शेयरिंग’ व्यवस्था अपनाने की सलाह
वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और बदलती अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ओडिशा सरकार के आवास एवं शहरी विकास विभाग ने सरकारी संसाधनों के विवेकपूर्ण एवं जिम्मेदार उपयोग को लेकर एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की हैय इसमें विशेष रूप से सरकारी वाहनों के उपयोग और ईंधन संरक्षण पर जोर दिया गया है. यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सतत संसाधन प्रबंधन और ऊर्जा संरक्षण के आह्वान के अनुरूप अतिरिक्त मुख्य सचिव उषा पाढ़ी के मार्गदर्शन में शुरू की गयी है. विभाग द्वारा जारी निर्देश में अधिकारियों को बैठकों, निरीक्षणों, फील्ड विजिट और अन्य सरकारी कार्यों के दौरान सरकारी वाहनों के उपयोग में ‘व्हीकल पूलिंग’ अथवा ‘राइड शेयरिंग’ व्यवस्था अपनाने की सलाह दी गयी है. विभाग का मानना है कि सामूहिक परिवहन व्यवस्था से ईंधन की अनावश्यक खपत कम होगी, प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और राष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी. एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि वरिष्ठ अधिकारी बैठकों और आयोजनों में भाग लेने के दौरान वाहन साझा करने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे. इसके अलावा अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय समय के दौरान भोजन के लिए बाहर जाने अथवा अन्य गैर-जरूरी कम दूरी की व्यक्तिगत यात्राओं के लिए सरकारी वाहनों का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गयी है.ओडिशा में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, घबराने की जरूरत नहीं : मंत्री
ओडिशा के आपूर्ति मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने शनिवार को राज्य में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की किसी भी प्रकार की कमी से इनकार करते हुए लोगों से घबराने की बजाय संयम बनाये रखने की अपील की. पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारों को लेकर मंत्री ने कहा कि यह स्थिति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन खपत कम करने की अपील को गलत तरीके से समझे जाने के कारण उत्पन्न हुई है. उन्होंने कहा कि भारत पेट्रोलियम उत्पादों का आयात करता है, इसलिए प्रधानमंत्री ने ईंधन के सीमित और जिम्मेदार उपयोग की बात कही थी.पीएम की अपील को लोगों ने गलत तरीके से लिया
मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने कहा कि ओडिशा में पेट्रोल, डीजल या गैस की कोई कमी नहीं है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से पेट्रोल और डीजल का उपयोग कम करने की अपील की थी क्योंकि हम इन्हें आयात करते हैं. लेकिन लोगों ने इसे गलत तरीके से लिया, जिससे घबराहट की स्थिति बनी और पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गयीं. उन्होंने बताया कि ओडिशा में फिलहाल 13 दिनों का पर्याप्त ईंधन भंडार उपलब्ध है. साथ ही राज्य में पारादीप रिफाइनरी भी मौजूद है, जिससे ईंधन आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं आयेगी. मंत्री ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है. राज्य में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










